हम हर गरीब परिवार की महिला के खाते में 1 लाख रुपए सालाना डालेंगे’: राहुल गाँधी
रायबरेली । उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिले में एक सार्वजनिक सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि ‘अगर पीएम नरेंद्र मोदी 22 करोड़पति बना सकते हैं तो राहुल गांधी लाखों करोड़पति बना सकते हैं। उन्होंने कहा कि हम आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की एक सूची बनाएंगे और प्रत्येक परिवार से, हम एक महिला का चयन करेंगे और उसके खाते में सालाना 1 लाख रुपये (8500 रुपये प्रति महीने) भेजेंगे।’
रायबरेली के साथ हमारा 100 साल पुराना रिश्ता, यह मेरी दादी और मां की कर्मभूमि: राहुल गांधी
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, कांग्रेस उम्मीदवार राहुल गांधी ने आगे कहा कि ‘रायबरेली के साथ हमारा 100 साल पुराना रिश्ता है। कुछ दिन पहले जब मैं अपनी मां के साथ बैठा था, मैंने उनसे कहा कि मैंने एक वीडियो में कहा था कि मेरी दो मां हैं- सोनिया जी और इंदिरा जी। मेरी मां को यह पसंद नहीं आया, लेकिन मैंने उन्हें समझाया कि मां ही होती है जो बच्चे को रास्ता दिखाती है और उसकी रक्षा भी करती है। मेरी मां और इंदिरा जी दोनों ने मेरे लिए ऐसा किया। यह मेरी दोनों माताओं की कर्मभूमि है। यही कारण है कि मैं यहां चुनाव लड़ने आया हूं। हमारे देश के इतिहास में पहली बार भाजपा-आरएसएस के लोग हमारे संविधान को समाप्त करना चाहते हैं। उनके नेताओं ने स्पष्ट रूप से कहा है कि यदि वे सत्ता में आए तो वे संविधान को बदल देंगे।’
उत्तर प्रदेश में 13 लोकसभा सीटों पर वोटिंग जारी
आपको बता दें कि उत्तर प्रदेश में लोकसभा चुनाव के चौथे चरण में 13 सीटों पर वोटिंग चल रही है। इसके अलावा एक विधानसभा सीट पर भी उपचुनाव के लिए मत डाले जा रहे हैं। इस बीच सीतापुर में जब मतादन शुरू हुआ तो अचानक बारिश देखने को मिली। वहीं बारिश के थोड़ी देर बाद सीतापुर में मतदान के बीच ओलावृष्टि भी देखने को मिली। आपको बता दें कि चौथे चरण के तहत जिन 13 लोकसभा निर्वाचन क्षेत्रों में मतदान हो रहा है, उनमें शाहजहांपुर (आरक्षित), खीरी, धौरहरा, सीतापुर, हरदोई (आरक्षित), मिश्रिख (आरक्षित), उन्नाव, फर्रुखाबाद, इटावा (आरक्षित), कन्नौज, कानपुर, अकबरपुर और बहराइच (आरक्षित) हैं।
