गरुड़ में बंद आईटीआई खोलने के लिए प्रभारी मंत्री से मिले जिपं सदस्य
बागेश्वर गरुड़ । गरुड़ की विभिन्न समस्याओं को लेकर जिपं सदस्य जनार्दन लोहुमी ने जिले के प्रभारी मंत्री सौरभ बहुगुणा को ज्ञापन सौंपा। प्रभारी मंत्री को सौंपे ज्ञापन में जिपंस जनार्दन लोहुमी ने गरुड़ में बंद पड़े आईटीआई को संचालित करने, बैजनाथ में राजकीय संग्रहालय बनाने और राजकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज गरुड़ में स्वीकृत दो ट्रेड खोलने की मांग की। उन्होंने कहा कि आईटीआई बंद होने से लाखों की मशीनों में जंग लग रहा है। जबकि सरकार बराबर किराया दे रही है।
पॉलीटेक्निक में दो और ट्रेड स्वीकृत हैं, लेकिन शुरू नहीं किए गए हैं। इससे क्षेत्र के युवाओं को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। युवा बाहर ऊंचे दामों में किराया देकर व्यावसायिक कोर्स करने को मजबूर हैं। उन्होंने कहा कि बैजनाथ विश्व प्रसिद्ध धाम व पर्यटक स्थल है। यहां संग्रहालय के अभाव में दुर्लभ मूर्तियां कई सालों से एक कमरे में बंद करके रखी हैं। जिससे यहां आने वाले पर्यटकों व स्थानीय लोगों को मूर्तियों के दर्शन नहीं हो पाते हैं। उन्होंने शीघ्र बैजनाथ में राजकीय संग्रहालय बनाने की मांग की है। प्रभारी मंत्री ने उन्हें शीघ्र सभी समस्याओं के समाधान करने का भरोसा दिया। इस दौरान दर्जा राज्यमंत्री शिव सिंह बिष्ट, भाजपा जिला महामंत्री घनश्याम जोशी, व्यापार संघ अध्यक्ष महेश बिष्ट ठाकुर, हरीश रावत, जगदीश सती, कमलेश पांडे आदि मौजूद रहे।
