Advertisement
Advertisement
Advertisement
November 7, 2026

उत्तराखंड के 227 ग्राम पंचायत जल्द ब्रॉडबैंड कनेक्टिविटी से जुडेंगे


देहरादून ।  उत्तराखंड के 227 ग्राम पंचायत जल्द ब्रॉडबैंड कनेक्टिविटी से जुड़ेंगे। इससे पहले इन गांवों के पंचायत भवनों का भी अनिवार्य रूप से विद्युतीकरण किया जाएगा। मुख्य सचिव राधा रतूड़ी ने शनिवार को भारत नेट प्रोजेक्ट के तहत आयोजित बैठक में अफसरों को यह निर्देश दिए। भारत नेट प्रोजेक्ट के तहत उत्तराखंड के लगभग 700 ग्राम पंचायत ब्रॉडबैंड कनेक्टिविटी से जोड़े जाने थे। अफसरों ने बताया कि 339 ग्राम पंचायतों में स्थायी कनेक्शन के साथ बिजली पहुंचा दी गई। 173 ग्राम पंचायतों ने विद्युतीकरण के लिए यूपीसीएल को आवश्यक शुल्क का भुगतान कर दिया है। 43 ग्राम पंचायतों को शहरी क्षेत्र में हस्तांतरित कर दिया गया है, जहां इनमें से 33 के विद्युतीकरण की प्रक्रिया पूरी हो गई है और शेष 10 साइटों को विद्यालयी शिक्षा और महिला एवं बाल विकास विभाग को हस्तांतरित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि 98 ग्राम पंचायतों को बिना ग्राम पंचायत भवन की श्रेणी में सूचीबद्ध किया गया है, जो अनिश्चितता की स्थिति में है। शेष 44 ग्राम पंचायतें बिजली कनेक्शन के लिए आवेदन करने और भुगतान करने की प्रक्रिया में हैं। मुख्य सचिव ने कहा कि राज्य की कठिन भौगोलिक स्थिति, सामरिक महत्व और प्राकृतिक आपदाओं के प्रति संवेदनशीलता को ध्यान में रखते हुए समयबद्ध तरीके से दोनों कार्य निश्चित अवधि में पूरे किए जाने हैं। बैठक में सचिव आर मीनाक्षी सुंदरम, पंकज कुमार पांडे आदि मौजूद रहे।

Advertisement