Advertisement
Advertisement
Advertisement
October 17, 2026

मजबूत ग्लोबल संकेतों से ऑल-टाइम हाई पर खुला शेयर बाजार, निफ्टी 25 हजार के पार


मुंबई ।  भारतीय शेयर बाजार गुरुवार के कारोबार सत्र रिकॉर्ड स्तर पर खुला। शुरुआती कारोबार में ही बाजार के मुख्य सूचकांक सेंसेक्स और निफ्टी ने क्रमश: 82,019 और 25,050 का नया ऑल-टाइम हाई बनाया। सुबह 9:19 पर, सेंसेक्स 241 अंक या 0.30 प्रतिशत की तेजी के साथ 81,982 और निफ्टी 97 अंक या 0.39 प्रतिशत की बढ़त के साथ 25,048 पर था। बैंकिंग शेयरों में भी तेजी देखने को मिल रही है। निफ्टी बैंक 263 अंक या 0.51 प्रतिशत की तेजी के साथ 51,817 पर था।
अमेरिकी फेड की ओर से ब्याज दरों में कमी को लेकर बुधवार को बैठक हुई थी। इसमें फेड चेयरमैन द्वारा ब्याज दरों को लेकर सकारात्मक बयान दिया गया है, जिसका असर भारत के साथ-साथ अन्य वैश्विक बाजारों पर भी देखने को मिल रहा है।
छोटे और मझोले शेयरों में भी तेजी का ट्रेंड बना हुआ है। निफ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स 213 अंक या 0.36 प्रतिशत बढक़र 59,222 पर और निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स 90 अंक या 0.47 प्रतिशत की तेजी के साथ 19,227 पर है। शेयर बाजार में भी सकारात्मक रुझान बना हुआ है।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) पर 1,503 शेयर हरे निशान में और 570 शेयर लाल निशान में हैं। सेंसेक्स पैक में मारुति सुजुकी, जेएसडब्ल्यू स्टील, पावर ग्रिड, टाटा मोटर्स, टाटा मोटर्स, टेक महिंद्रा, विप्रो, एक्सिस बैंक, एनटीपीसी, इंडसइंड बैंक और एचडीएफसी बैंक टॉप गेनर्स हैं।
एमएंडएम, सन फार्मा, अल्ट्राटेक सीमेंट, एशियन पेंट्स और बजाज फिनसर्व टॉप लूजर्स हैं। बाजार के जानकारों का कहना है कि फेड चीफ की ओर से सितंबर में पहली ब्याज दर कटौती की बात कही गई है। ये बाजार के लिए सकारात्मक है।
हालांकि, हमास लीडर के मारे जाने के कारण पश्चिम एशिया में तनाव की स्थिति है, जिसका असर बाजार पर देखने को मिल सकता है। एशियाई बाजारों में मिलाजुला असर देखने को मिल रहा है। सोल, बैंकॉक और जकार्ता के बाजारों में तेजी के साथ कारोबार हो रहा है। वहीं, टोक्यो, शंघाई और हांगकांग लाल निशान में हैं। अमेरिकी बाजार बुधवार को सकारात्मक बंद हुए थे।

Advertisement