Advertisement
Advertisement
Advertisement
November 10, 2026

भारत गौरव यात्रा के अन्तर्गत पूर्वोत्तर से आए छात्रों से राज्यपाल ने भेंट की

??

देहरादून ( आखरीआंख समाचार )   राज्यपाल बेबी रानी मौर्य से बुधवार को राजभवन में ‘‘भारत गौरव यात्रा‘‘ के अन्तर्गत पूर्वोत्तर भारत के सात राज्यों से आए छात्र-छात्राओं ने मुलाकात की। छात्र-छात्राओं को सम्बोधित करते हुए राज्यपाल ने कहा कि हमारे देश की संस्कृति अनेकता में एकता की है।
राज्यपाल ने कहा कि भारत युवाओं का देश है और युवा देश का भविष्य हैं। युवाओं को देश के विकास में योगदान देने के लिए कुछ बड़ा करना है। उन्होंने कहा कि हम सभी को एक बड़ा सपना देखना चाहिए, और उस सपने को साकार करने के लिए जी-जान लगा देनी चाहिए। उन्होंने कहा कि नव भारत के निर्माण में युवाओं की महत्त्वपूर्ण भूमिका है। नव भारत के निर्माण के इस संकल्प को सिद्ध करने के लिए पूरी निष्ठा और तत्परता से अपना योगदान देना है। भारत की साख अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर बहुत बढ़ी है। आज भारत के युवाओं के पास अवसरों की कमी नहीं है। युवाओं के हाथ में ही देश के विकास की जिम्मेदारी होती हैं यदि वह चाहे तो देश को बदल सकते हैं। देश के विकास की हर गतिविधि में अपना योगदान देते हुए देश को उन्नति की ओर अग्रसर कर सकते हैं। राज्यपाल ने कहा कि शिक्षा के साथ-साथ हमें अन्य गतिविधियों पर भी विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है। हम गरीब जरूरतमंदों की सहायता कर सकते हैं। उनके उत्थान के लिए कार्य कर सकते हैं।
राज्यपाल ने कहा कि आज राजभवन में एक छोटे से भारत के दर्शन हो रहे हैं। भारत गौरव यात्रा के माध्यम से विभिन्न राज्यों का भ्रमण करके अपने देश और यहाँ की संस्कृति और विरासत को जानने-समझने का आपके पास बहुत महत्त्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने कहा कि जब आप लोग अपने राज्यों को वापस पहुंचेंगे, तो इस यात्रा के दौरान के अपने सभी अनुभव अपने साथियों और प्रदेशवासियों को जरूर साझा करना। उन्हें विश्वास है कि आप सब लोग जहाँ भी गए होंगे आप सबको बहुत प्यार व सम्मान मिला होगा। हम सब भारतीय हैं और आवश्यकता पड़ने पर हमें आपस में एक दूसरे की सहायता करनी है। ज्ञातव्य हो कि भारत गौरव यात्रा के अन्तर्गत पूर्वोत्तर भारत के राज्यों का एक दल विभिन्न राज्यों का भ्रमण कर रहा है। भ्रमण दल में आए बच्चे किसी होटल में न रूक कर, परिवारों के साथ रहेंगे और वहाँ की संस्कृति को समझ सकेंगे। इस अवसर पर मेयर देहरादून सुनील उनियाल गामा भी उपस्थित थे।

You may have missed

Advertisement