September 21, 2024

कौसानी तक सभी टूरिस्ट स्पॉट पर्यटन सर्किट से जोड़े जाएंगे

रानीखेत, ( आखरीआंख समाचार )  कोसी घाटी से कौसानी तक सभी टूरिस्ट स्पॉट पर्यटन सर्किट से जोड़े जाएंगे। वहीं चार ताल, कैंची धाम आदि को विकसित कर ग्रेटर नैनीताल को नई पहचान दिलाई जाएगी। इसके अलावा कुमाऊं मंडल विकास निगम (कुमंविनि) को घाटे से उबारने के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे। निगम कर्मियों की वेतन विसंगति दूर करने की दिशा में तेजी से प्रयास किए जा रहे। यह बात निगम के नवनियुक्त अध्यक्ष केदार जोशी ने कोसी घाटी स्थित कुमंविनि विश्राम गृह में पत्रकारों से बातचीत के दौरान कही। कहा कि कुमाऊं क्षेत्र में निगम की जो परिसंपत्तिया बदहाल पड़ी हैं या इस्तेमाल में नहीं लाई जा रही, उन्हें तत्काल दुरुस्त कर सदुपयोग किया जाएगा। साथ ही गैस एजेंसियों को हाइटेक किया जा रहा। कोसी घाटी से सौनी बिनसर होते हुए रानीखेत, कौसानी तक पर्यटन सर्किट बनाने के लिए जल्द ही मंत्री सतपाल महाराज से वार्ता की जाएगी। साथ ही होम स्टे को बढ़ावा दिया जाएगा। कहा कि कुमाऊं में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। इसमें नैनीताल सबसे आगे है। ग्रेटर नोएडा की तर्ज पर नैनीताल के आसपास नौकुचियाताल, सातताल, सड़ियाताल, भीमताल, भवाली, मुक्तेश्वर, गरमपानी, कैंची को मिलाकर ग्रेटर नैनीताल विकसित किया जाएगा। ताकि पर्यटकों को और बेहतर सुविधाएं मिल सके। इस दौरान विधायक नैनीताल संजीव आर्या, मंडल अध्यक्ष रमेश सुयाल आदि भी रहे।