Advertisement
Advertisement
Advertisement
November 8, 2026

माल रोड बदहाल, अधिकारियों का घेराव करेंगे पूर्व दर्जा मंत्री कर्नाटक


अल्मोड़ा । अल्मोड़ा की मालरोड में डामरीकरण के दो माह के भीतर ही डामर उखड़ने लगा है और सड़क पर गड्ढे बन गये हैं, जिस पर पूर्व दर्जा मंत्री बिट्टू कर्नाटक ने आक्रोश व्यक्त करते हुए सोमवार को अधीक्षण अभियंता जल निगम के कार्यालय में उनके घेराव की बात कही है। आरएनएस संवाददाता विनोद जोशी से वार्ता में पूर्व दर्जा मंत्री कर्नाटक ने कहा कि जनवरी माह में माल रोड में जाखन देवी से शिखर होटल तक सीवर लाइन निर्माण का कार्य प्रारम्भ हुआ था जिसको एक माह में पूरा हो जाना था, लेकिन कार्यदायी संस्था जल निगम के द्वारा इस कार्य को पूरा करने में पांच माह का समय लिया गया जिससे पांच माह तक पूरे क्षेत्र के व्यापारी एवं जनता परेशान रही। लगातार आन्दोलनों एवं अनेकों प्रदर्शनों के बाद सीवर का कार्य बमुश्किल पूरा हुआ। कर्नाटक ने कहा कि हैरानी की बात है कि सड़क पर डामरीकरण हुए अभी दो माह का समय भी नहीं हुआ है और सड़क में बड़े बड़े गड्ढे बन गए हैं। उन्होंने कहा कि बख्शीखोला में लगातार बड़े बड़े गड्ढे बन रहे हैं जिससे आवासीय भवन को खतरा उत्पन्न हो गया है तथा वाहन चालकों एवं पैदल चलने वालों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि माल रोड में हुए इस घटिया डामरीकरण में गुणवत्ता का बिल्कुल ध्यान नहीं रखा गया जिसके लिए स्पष्ट तौर पर कार्यदायी संस्था जल निगम के अधिकारी जिम्मेदार हैं। कर्नाटक ने कहा कि सोमवार को उनका प्रदर्शन मात्र गहरी नींद में सोए हुए जल निगम विभाग के अधिकारियों को जगाने के लिए होगा। इसके बाद भी अधिकारी नहीं जागे तो वो जल निगम के अधीक्षण अभियन्ता के कार्यालय में वे अनिश्चितकाल के लिए आमरण अनशन करने को बाध्य होंगे जिसकी समस्त जिम्मेदारी जल निगम के आला अधिकारियों की होगी।

You may have missed

Advertisement