September 16, 2024

एटलस साईकिल के पूर्व अध्यक्ष सलील कपूर ने की खुदकुशी, घर में खून से लथपथ मिला शव


नई दिल्ली ।  देश की प्रसिद्ध साइकिल निर्माता कंपनी एटलस के पूर्व अध्यक्ष सलील कपूर ने आत्महत्या कर ली। पुलिस के अनुसार, कपूर ने आज दोपहर करीब दो बजे अपने आवास पर खुद को गोली मार ली। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सलील कपूर ने डॉक्टर एपीजे अब्दुल कलाम लेन स्थित अपने तीन मंजिला घर के ग्राउंड फ्लोर पर आत्महत्या की। परिवार के सदस्यों ने कपूर का शव पूजा कक्ष के पास खून से लथपथ पाया। उन्हें तुरंत एम्स ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने घटनास्थल से एक सुसाइड नोट बरामद किया है, जिसमें कुछ लोगों पर उत्पीडऩ का आरोप लगाया गया है। फोरेंसिक एक्सपर्ट्स और स्थानीय पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रहे हैं, और सुसाइड नोट की जांच की जा रही है ताकि आत्महत्या के कारणों का पता लगाया जा सके।