Advertisement
Advertisement
Advertisement
November 8, 2026

हुड़दंग के बाद जागेश्वर धाम में प्रवेश के समय में एएसआई ने किया बदलाव


अल्मोड़ा । प्रसिद्ध जागेश्वर धाम में सूर्यास्त के बाद श्रद्धालुओं के प्रवेश पर भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण विभाग ने रोक लगा दी है। इसके अलावा सूर्योदय से पहले भी कोई श्रद्धालु मंदिर परिसर में प्रवेश नहीं कर पाएगा। बीते दिनों हुए हुड़दंग के बाद एएसआई हरकत में आई और नियमों में सख्ती कर दी है। जागेश्वर धाम में बीते दिनों पीलीभीत से आए श्रद्धालुओं ने रात के वक्त हंगामा काटा था। ये श्रद्धालु कपाट बंद होने के बाद भी गेट फांदकर पालतू कुत्तों सहित मंदिर में प्रवेश कर गए थे। विरोध करने पर उन्होंने एएसआई के सुरक्षा गार्ड को पीट दिया था। इससे मौके पर खूब हंगामा हुआ था। इस प्रकार की घटनाएं पूर्व में भी हो चुकी हैं। इसी को देखते हुए एएसआई ने अपने नियम का सख्ती से पालन करवाने की तैयारी कर ली है। मंगलवार को एएसआई ने मंदिर के मुख्य प्रवेश द्वार पर इस संबंध में एक नोटिस भी चस्पा कर दिया है। नोटिस में स्पष्ट किया गया है श्रद्धालु सूर्यास्त के बाद और सूर्योदय से पहले मंदिर परिसर में प्रवेश नहीं कर पाएंगे। एएसआई ने मंदिर प्रवेश द्वार पर नोटिस चस्पा करते हुए लिखा है कि प्राचीन स्मारक तथा पुरातत्वीय स्थल एवं अवशेष नियम 1959 के अध्याय 02, नियम 05(1) के अनुसार राष्ट्रीय संरक्षित स्मारक जागेश्वर मंदिर समूह यात्रियों/दर्शनार्थियों के लिए सूर्योदय से सूर्यास्त तक खुला रहेगा। इस नियम का उल्लंघन करने पर संबंधित के विरुद्ध आवश्यक कार्यवाही की जाएगी। एएसआई के सीए नीरज मैठाणी ने बताया कि अल्मोड़ा एसएसपी को पत्र भेज जागेश्वर मंदिर की सुरक्षा के लिए पुलिस की मांग की गई है। फिलहाल निजी सुरक्षा एजेंसी के गार्डों से काम चलाया जा रहा है।

You may have missed

Advertisement