Advertisement
Advertisement
Advertisement
November 1, 2026

गरुड में 22 करोड़ की लागत से 5 मंजिला पार्किंग का काम शुरू न करने पर डीएम ने लगाई फटकार

बागेश्वर । जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने शुक्रवार को वाप्कोस व ब्रिडकुल के अंर्तगत निर्माणाधीन मोटर पुलों एवं वाहन पार्किंगों की समीक्षा की। जिलाधिकारी ने सोराग मोटर पुल की धीमी प्रगति एवं गरुड़ में पांच मंजिला वाहन पार्किंग का निर्माण कार्य शुरू नही करने पर दोनों संस्थाओं के अधिकारियों को कड़ी फटकार लगायी। तथा सोराग मोटर पुल के निर्माण कार्य को गुणवत्ता के साथ पूरा करने एवं गरुड़ पार्किंग का कार्य जल्द शुरू करने के सख्त निर्देश दिए।

कलेक्ट्रेट में आयोजित बैठक में जिलाधिकारी ने सोराग मोटर पुल की समीक्षा करते हुए कार्य की धीमी प्रगति पर गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुए ईई को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि मोटर पुल के कार्य को गुणवत्ता के साथ युद्ध स्तर पर पूर्ण करना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कार्य की चाल बाधित न हो इस हेतु मोटर पुल निर्माण में लगने वाली सभी प्रकार की सामाग्रियों को हिमपात होने से पूर्व कार्य स्थल पर पहुंचाना सुनिश्चित करें। उन्होंने सख्त हिदायत देते हुए कहा कि मोटर निर्माण कार्य में लापरवाही कतई भी बर्दाश्त नही की जाएगी। जिलाधिकारी ने बोरबलड़ा में निर्माणाधीन मोटर पुल की भी समीक्षा की तथा कार्य को गुणवत्ता,समयबद्धता व पारदर्शिता के साथ ही युद्ध स्तर पर पूरा करने के निर्देश दिए।

    जिलाधिकारी ने गरुड़ (पाया) में 22 करोड़ की लागत से बनने वाली बहुमंजिला वाहन पार्किंग का कार्य शुरू नही कराने पर एई ब्रिडकुल को सख्त हिदायत देते हुए कहा कि बहुमंजिला वाहन पार्किंग का कार्य अबिलम्ब शुरू कराना सुनिश्चित करें। ताकि स्थानीय लोगों के साथ ही यहां आने वाले पर्यटकों को इसका लाभ मिल सके। जिलाधिकारी ने कहा कि जनहित में विकास कार्यों में लापरवाही कतई भी क्षम्य नही होगी। 

बैठक में ईई वाप्कोस विशनलाल,एई ब्रिडकुल मंजीत देशवाल उपस्थित रहे।

Advertisement