May 1, 2026

कनस्तर-थाली बजाकर सोई सरकार को जगाएंगे आंदोलनकारी


काशीपुर ।  20 गांव की 5838 एकड़ भूमि के छीने गए भूमिधरी अधिकारों को लेकर तहसील परिसर में चल रहे भूमि बचाओ आंदोलन को 10 दिसंबर को 500 दिन पूरे होने जा रहे हैं। रविवार को आंदोलन स्थल पर हुई मीटिंग में निर्णय लिया कि 500 दिन पूर्ण होने पर तहसील गेट पर ताली थाली और कनस्तर बजाकर सोई हुई सरकार को जगाने का प्रयास किया जाएगा। भूमि बचाओ आंदोलन के संयोजक जगतार सिंह बाजवा ने कहा कि सरकार ने कई बार आश्वासन देने के बाद भी बाजपुर के हजारों परिवारों को उनके भूमिधरी अधिकार नहीं दिए हैं। 20 गांवों के किसान मजदूर और व्यापारी बर्बादी के कगार पर पहुंच गए हैं, लेकिन सरकार कोई सुध नहीं ले रही है। इससे किसानों मजदूरों व्यापारियों के परिवारों में गहरा आक्रोश व्याप्त है। 500 दिन पूर्ण होने पर तहसील गेट पर ताली, थाली और कनस्तर बजाकर सरकार तक संदेश पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। बैठक में सनी निज्जर, लखविंदर सिंह, चतर सिंह चीमा, जगदीप सिंह, शेर सिंह, मुरारी लाल, राजकिशोर सिंह, रणजीत सिंह शौकर, दरबार सिंह आदि मौजूद रहे।