Advertisement
Advertisement
Advertisement
November 23, 2026

नौकरी दो, नशा नहीं की आवाज उठाएंगे युवा


देहरादून ।   नौकरी दो, नशा नहीं की थीम के साथ भारतीय युवा कांग्रेस ने अपने प्रमुख कार्यक्रम यंग इंडिया के बोल 5वें संस्करण का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में देश के सामने खड़ी दो गंभीर समस्याओं बेरोजगारी में वृद्धि और युवाओं को बर्बाद कर रही बेकाबू ड्रग तस्करी पर चिंता व्यक्त की। कांग्रेस भवन में रविवार को आयोजित प्रेसवार्ता में प्रदेश मीडिया चेयरमैन देवेश उनियाल ने कहा कि बेरोजगारी और नशे के प्रसार की यह दोहरी समस्या समाज को गंभीर रूप से प्रभावित कर रही है। मोदी सरकार अपने दो करोड़ नौकरियों के वादे को पूरा करने में पूरी तरह विफल रही है। बेरोजगारी जैसे गंभीर मुद्दे से निपटने के लिए भाजपा ने केवल चुनावी जुमलों और सतही उपायों का सहारा लिया है। युवा कांग्रेस ने युवाओं की इन चिंताओं को उजागर करने के लिए यंग इंडिया के बोल 5वें संस्करण की शुरुआत की है। इस कार्यक्रम के तहत छात्रों, पेशेवरों, जमीनी कार्यकर्ताओं और विभिन्न क्षेत्रों के राजनीतिक उत्साही युवाओं से आग्रह किया गया है कि वे अपनी आवाज उठाएं और सरकार तक अपनी बात पहुंचाएं। आईवाईसी एप के माध्यम से इस अभियान से जुड़ा जा सकता है। यंग इंडिया के बोल से जुड़ने के इच्छुक प्रतिभागियों को इन दोनों समस्याओं पर वीडियो भेजने होंगे। चयनित प्रतिभागियों को राज्य और राष्ट्रीय स्तर के आयोजनों में आमंत्रित किया जाएगा। वे भारतीय युवा कांग्रेस के राज्य और राष्ट्रीय प्रवक्ता बन सकेंगे। साथ ही विभिन्न मीडिया मंचों पर पार्टी के विचारों को व्यक्त करने का अवसर प्राप्त कर सकेंगे। इस दौरान प्रवक्ता गरिमा दसौनी, उपाध्यक्ष मोहन भंडारी प्रदेश महामंत्री (संगठन) प्रियांश छाबड़ा, स्वाति नेगी, मोहित मेहता, अमनदीप बत्रा आदि मौजूद रहे।

You may have missed

Advertisement