March 6, 2026

मेयर का नीला, पालिकाध्यक्ष का हरा और नगर पंचायत अध्यक्ष का बैलेट पेपर गुलाबी


हल्द्वानी ।   स्थानीय निकाय चुनाव के लिए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मंगलवार को प्रसार प्रशिक्षण केन्द्र बागजाला में प्रभारी अधिकारी पंचस्थानीय अशोक कुमार पांडे के दिशा-निर्देशन में चुनाव ड्यूटी में लगे अधिकारियों को प्रशिक्षण दिया गया। इस दौरान बताया गया कि स्थानीय निकाय चुनाव के दौरान नगर निगम मेयर का नीला, पालिकाध्यक्ष का हरा, नगर पंचायत अध्यक्ष का गुलाबी व सभासद व पार्षदों का मतपत्र सफेद होगा। प्रशिक्षण के दौरान पांडे ने स्थानीय निकाय चुनावों को पारदर्शिता व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए चुनाव अधिकारियों को दिशा निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी आरओ, एआरओ, जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेट दायित्यों का निर्वहन पारदर्शिता व संवेदनशीलता के साथ कराना सुनिश्चित करें। पहले चरण में आरओ, एआरओ, जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेट को मास्टर ट्रेनरों ने मतदान को लेकर प्रशिक्षण दिया। उन्हें निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अनुपालन कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही चुनाव अधिकारियों को नाम निर्देशन पत्र प्राप्त करने के लिए निर्वाचन प्रतीक चिन्ह आवंटित करने तक की जाने वाली कार्यवाही की जानकारी दी गई। प्रशिक्षण में अपर जिलाधिकारी शिव चरण द्विवेदी, जिला विकास अधिकारी गोपाल गिरी गोस्वामी, सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी, उपजिलाधिकारी पारितोष वर्मा, रेखा कोहली, केएन गोस्वामी, राहुल साह, प्रमोद कुमार, सहायक निर्वाचन पंचास्थानीय सुरेश बैनी समेत जिलेभर के आरओ, एआरओ, सेक्टर व जोनल मजिस्ट्रेट उपस्थित रहे।