September 21, 2024

बेरोजगारों को न्यूनतम आय की गारंटी साबित होगा कांग्रेस का मास्टर स्ट्रोक : कुंजवाल

अल्मोडा  ( आखरीआंख समाचार ) पूर्व विधानसभा अध्यक्ष व विधायक जागेश्वर गोंविद कुंजवाल ने कहा कि राष्ट्रीय कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने गरीब एवं बेरोजगारों के ​लिए सरकार आने पर जो न्यूनतम आय की गांरटी देने की घोषणा की है। यह कदम कांग्रेस के आज तक के फैसलों में एक बहुत बड़ा ऐतिहासिक फैसला है। इसके लिए राहुल गांधी की जितनी तारिफ की जाय, वह कम है। उन्होंने कहा कि निश्चित रूप से जब देश में यह फैसला लागू होगा तो देश से गरीबी एवं बेरोजगारी कम होगी। कांग्रेस के पिछली सरकारों ने गरीबों एवं किसानों के हितों के लिए राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना व किसानों की कर्जमाफी का निर्णय लिया था। जिसमें कुछ हद तक देश में आर्थिक स्तर बड़ा है। उन्होंने भाजपा सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि इनका कोई भी ऐसा ठोस निर्णय गरीब एवं बेरोजगारों के हितों के लिए जारी नही हो पाया है। आज उत्तराखंड के वृद्ध, विधवा, विकलांग, परित्यागता, बौना आदि तमाम प्रकार की जो पेंशन प्रदेश के लाभार्थियों को प्राप्त हो रही है, उन पेंशनों की शुरूआत करना तथा धनराशि बढ़ाना केवल कांग्रेस की देन है। उन्होंने कहा कि मुझे ऐसा लगता है कि भारतीय जनता पार्टी की नीति धनाठ्य लोगों के हितों के लिए ही बनती है। उसे छोटे वर्गो के गरीबों का कभी भी ख्याल नही आता है। उन्होंने कहा कि बड़ी ताजुब की बात है कि पेंशन की योजना स्वीकृत करना तो दूर भाजपा सरकार ने पेंशन को बंद कर दिया। पेंशन की धनराशि को वसूलने का आदेश भी जारी किया गया है। इससे भाजपा सरकार की मंशा साफ जाहिर नजर आती है।