March 7, 2026

नहीं हुई रितिक के कातिलों की गिरफ्तारी, मजबूर मां-बाप ने किया आत्मदाह का ऐलान


मेरठ । भावनपुर थाना क्षेत्र में एक महीने पहले हुई रितिक की हत्या के मामले में आरोपी अब तक खुले घूम रहे हैं। पुलिस से इंसाफ की उम्मीद छोड़ चुके मृतक के परिजनों ने डीआईजी ऑफिस पहुंचकर आत्मदाह का ऐलान किया। जिस पर डीआईजी ने सीओ सिविल लाइन को इस मामले में तत्काल कार्रवाई के आदेश दिए हैं।
गंगा विहार कॉलोनी के रहने वाले करण चौधरी अपनी पत्नी के साथ सोमवार को डीआईजी ऑफिस पहुंचे। जहां उन्होंने डीआईजी कलानिधि नैथानी से मिलकर बताया कि बीती २५ नवंबर को उनके इकलौते बेटे रितिक की उसके दोस्त राहुल, युवराज और सोनू पहाड़ी ने जहर देकर हत्या कर दी।
 आरोप है कि एक साल पहले कुछ युवकों ने रितिक का अपहरण करके उसके ऊपर टॉयलेट करते हुए वीडियो वायरल की थी। इस मामले में भी पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। करण ने आरोप लगाया कि उक्त सभी युवकों ने साजिश करके रितिक की हत्या को अंजाम दिया। लेकिन, इसके बावजूद पुलिस ने अब तक कोई कार्रवाई नहीं की है।
 सीओ सिविल लाइन ने एक सप्ताह में आरोपियों की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया था। मगर, अब वह पीडि़त परिजनों के फोन भी रिसीव नहीं कर रहे। जिस पर डीआईजी ने तत्काल सीओ सिविल लाइंस से मोबाइल पर बात करके उन्हें आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई के आदेश दिए। उधर, पीडि़त मां-बाप ने आरोपियों की गिरफ्तारी न होने पर पुलिस मुख्यालय पर जाकर आत्मदाह का ऐलान किया है।