Advertisement
Advertisement
Advertisement
October 12, 2026

छात्रा की बरामदगी के लिए कश्यप समाज ने घेरा कप्तान ऑफिस, जमकर हंगामा


मेरठ । मुंडाली थाना क्षेत्र से एक सप्ताह पूर्व अपहृत हुई 15 वर्षीय छात्रा की बरामदगी के लिए ब्रहस्पतिवार को पीडि़त परिवार को साथ लेकर पहुंचे कश्यप समाज के पदाधिकारियों ने कप्तान ऑफिस पर हंगामा कर दिया। कश्यप समाज के नेताओं ने एक सप्ताह में किशोरी बरामद न होने पर एसएसपी ऑफिस पर सामूहिक आत्मदाह का ऐलान किया है।
कश्यप निषाद महासभा के अध्यक्ष डॉ विजय कुमार कश्यप मुंडाली निवासी संजय और उसके परिवार को लेकर कप्तान ऑफिस पहुंचे। संजय ने आरोप लगाया कि पिछले काफी समय से हापुड़ के गढ़मुक्तेश्वर का रहने वाला मोहित उसकी 15 वर्षीय बेटी पूर्वा पर शादी का दबाव बना रहा था। 24 दिसंबर को मोहित ने संजय की पत्नी संगम के मोबाइल पर कॉल करके धमकी दी थी कि अगर उसकी शादी पूर्वा के साथ नहीं की गई तो वह उसे उठाकर ले जाएगा।
इसके बाद 26 दिसंबर को मोहित और उसके साथी सागर ने स्कूल जा रही पूर्वा का अपहरण कर लिया। संजय ने आरोप लगाया कि इस मामले में उसने दोनों आरोपियों को नामजद करते हुए मुंडाली थाने में तहरीर दी। मगर, पुलिस ने अज्ञात में मुकदमा दर्ज किया। इसके बाद आज तक भी उसकी बेटी को बरामद नहीं किया गया है। डॉ विजय कुमार कश्यप ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि किशोरी को एक हफ्ते में बरामद नहीं किया गया तो वह समाज के नागरिकों और पीडि़त परिवार के साथ कप्तान ऑफिस पर धरना देकर सामूहिक आत्मदाह करेंगे। वहीं, एसएसपी ने आरोपियों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज करने और किशोरी की जल्द बरामदगी का आश्वासन दिया है।

Advertisement