Advertisement
Advertisement
Advertisement
November 13, 2026

अल्मोड़ा में मेयर पद पर होगा त्रिकोणीय मुकाबला


अल्मोड़ा ।   नगर निगम चुनाव को 20 दिन भी नहीं रह गए हैं और अल्मोड़ा में इस बार नगर निगम चुनाव में मेयर के लिए जोरदार मुकाबला देखने को मिलेगा। अल्मोड़ा नगर निगम मेयर के लिए मुकाबला त्रिकोणीय होता दिख रहा है। गुरुवार को नाम वापसी के बाद अब केवल तीन प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं। भारतीय जनता पार्टी से अजय वर्मा, अखिल भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस से भैरव गोस्वामी एवं निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में कांग्रेस से बगावत कर चुनाव लड़ रहे अमन अंसारी मैदान में हैं। इससे पूर्व टिकट ना मिलने से नाराज भाजपा से निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में नामांकन कराने वाले मनोज वर्मा को मनाने में भाजपा सफल रही और मनोज वर्मा ने घर वापसी करते हुए भाजपा प्रत्याशी अजय वर्मा को अपना पूर्ण समर्थन दे दिया। लेकिन कांग्रेस से नाराज अमन अंसारी नहीं माने। इससे अब मुकाबला भाजपा, कांग्रेस और निर्दलीय प्रत्याशी अमन अंसारी के बीच सिमट कर रह गया है। शुक्रवार को प्रत्याशियों को चुनाव चिन्ह भी आवंटित किए गए हैं। जिसके बाद चुनाव प्रचार में तेजी आ गई है। जहाँ भाजपा अपने प्रत्याशी अजय वर्मा को जमीनी कार्यकर्ता बताते हुए तारीफ कर रही है वहीं, टिकट बंटवारे से असंतुष्ट कांग्रेस के पदाधिकारियों के इस्तीफे भी लगातार आने में लगे हैं। विगत दिनों पूर्व दर्जामंत्री बिट्टू कर्नाटक ने भी कांग्रेस से अपना इस्तीफा दे दिया था। सूत्रों की मानें तो पूर्व दर्जामंत्री बिट्टू कर्नाटक कल देहरादून में भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर सकते हैं। इनके अलावा कांग्रेस जिला महामंत्री ने भी प्रत्याशी चयन पर सवाल उठाते हुए इस्तीफ़ा दे दिया था। इसके बावजूद कांग्रेस कोई भी कोर कसर नहीं छोड़ना चाहती है। इसी क्रम में कांग्रेस जिलाध्यक्ष भोज के नेतृत्व में विगत दिवस आम आदमी पार्टी जिलाध्यक्ष सहित अन्य पदाधिकारियों ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। आज आम आदमी यूथ विंग के जिलाध्यक्ष ने भी कांग्रेस प्रत्याशी को अपना समर्थन देने की घोषणा की है। सूत्र बताते हैं कि कांग्रेस में अभी स्थितियां सामान्य नहीं हैं। अन्य कुछ नामों के भी कांग्रेस से जाने की सुगबुगाहट तेज है। अब ये तो आना वाला समय ही बताएगा कि स्थितियां क्या रहती हैं। बहरहाल अल्मोड़ा में मेयर पद पर त्रिकोणीय मुकाबला दिलचस्प बना हुआ है।

You may have missed

Advertisement