अब ओयो होटलों में अविवाहित जोड़ों के लिए नो एंट्री
नई दिल्ली । ट्रैवल बुकिंग करने वाली प्रमुख कंपनी ओयो ने अपने पार्टनर होटलों के लिए नई चेक-इन नीति लागू कर दी है। ओयो की यह नीति नए साल में लागू हो गइ्र है। इस नीति के तहत, अब अविवाहित जोड़ों को होटल में चेक-इन की अनुमति नहीं होगी। यह निर्णय कंपनी ने मेरठ से शुरू किया है और स्थानीय सामाजिक संवेदनशीलता के अनुरूप है। अब जोड़ों को चेक-इन के वक्त अपने रिश्ते का वैध प्रमाण प्रस्तुत करना होगा, ऑनलाइन बुकिंग करते वक्त भी यह नियम लागू होगा।
ओयो ने कहा कि इस नीति के तहत पार्टनर होटलों को स्थानीय समाज के साथ तालमेल बैठाकर अपने विवेक से जोड़ों की बुकिंग अस्वीकार करने का अधिकार दिया गया है। ओयो ने अपने मेरठ स्थित होटलों को तुरंत यह दिशा-निर्देश लागू करने का आदेश दिया है। इस नीति के बदलाव पर स्थानीय नागरिक समाज समूहों से भी प्रतिक्रिया मिली थी, और उनके दबाव के कारण कंपनी ने यह कदम उठाया है।
ओयो का कहना है कि इस कदम का उद्देश्य कंपनी को एक सुरक्षित और जिम्मेदार आतिथ्य प्रैक्टिस का ब्रांड बनाने का है। इसके साथ ही यह भी कहा गया कि कंपनी परिवारों, छात्रों, व्यवसायियों और धार्मिक यात्रियों के लिए एक सुरक्षित अनुभव प्रदान करना चाहती है। ओयो ने यह भी कहा कि वह समय-समय पर इस नीति का मूल्यांकन करेगी और आवश्यकता के अनुसार इसे अन्य शहरों में लागू कर सकती है।
ओयो ने देशभर में पुलिस और होटलों के साथ मिलकर सुरक्षित आतिथ्य प्रथाओं पर सेमिनार आयोजित किए हैं और अनैतिक गतिविधियों को बढ़ावा देने वाले होटलों को ब्लैकलिस्ट करने की भी योजना बनाई है। कंपनी ने यह पहल ओयो ब्रांड का नाम नष्ट करने वाले अनधिकृत होटलों के खिलाफ कार्रवाई करने के तहत की है।
