जिनको कांग्रेस ने सम्मान दिया, वही सत्ता की भागीदारी में शामिल हो गए: माहरा
अल्मोड़ा । कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने रविवार को प्रेस वार्ता की। इस दौरान उन्होंने कहा कि कांग्रेस छोड़ भाजपा में जाने वालों से कांग्रेस को कोई नुकसान नहीं हो रहा है। बाकायदा कांग्रेस और अधिक मजबूत हो रही है। कहा कि जो सत्ता के विपरीत खड़े हैं वही कांग्रेस के असली सिपाही हैं। जो पार्टी छोड़ रहे हैं वह हमेशा पार्टी के अंदर गड़बड़ करते रहे हैं। नगर के एक होटल में आयोजित प्रेस वार्ता में प्रदेश अध्यक्ष ने दशहरा महोत्सव अध्यक्ष अजीत कार्की को कांग्रेस की सदस्यता दिलाई। प्रदेश अध्यक्ष ने दावा किया पार्टी प्रत्याशी भैरव गोस्वामी के नेतृत्व में एक बार फिर नगर में कांग्रेस की सरकार बनेगी। कांग्रेस का मेयर जनता के लिए कार्य करेगा। सरकार का आर्थिक सपोर्ट मिले या न मिले, ऐसी योजना बनाई जाएगी कि नगर निगम को आर्थिकी के लिए जूझना नहीं पड़ेगा। नगर की पानी की समस्या को दूर करने को हर वार्ड में एक-एक बड़ा वॉटर प्यूरीफायर लगाया जाएगा। शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, महिलाओं की सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे।छोटी समस्याओं के लिए जनता दरबार तो बड़ी समस्याओं के निराकरण को बहुउद्देशीय शिविर लगाए जाएंगे। कहा, जिन लोगों को पार्टी ने इतना सम्मान दिया आज वही सत्ता की भागीदारी में शामिल हो गए। ऐसे लोगों के लिए पार्टी में न पहले कोई जगह थी और न ही अब कोई जगह है। यहाँ पत्रकार वार्ता में विधायक मनोज तिवारी, भैरव गोस्वामी, भूपेंद्र भोज, प्रकाश चंद्र जोशी, दीपक कुमार आदि मौजूद रहे।
