वोटर लिस्ट में नाम न होना, मताधिकार के लोकतांत्रिक अधिकार पर हमला: माहरा

देहरादून । कांग्रेस ने भाजपा के इशारे पर वोटर लिस्ट में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी किए जाने के आरोप लगाए। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने कहा कि वोटर लिस्ट में नाम न होना, वोटर के मताधिकार के लोकतांत्रिक अधिकार पर हमला है। कांग्रेस अध्यक्ष माहरा ने नाराजगी जताते हुए कहा कि बड़े पैमाने पर मतदाता सूचियों से कांग्रेस समर्थकों और अन्य लोगों के नाम गायब रहे। इससे दूर दूर से मतदान को आए हुए लोगों को मायूस होकर बिना मतदान के वापस लौटना पड़ा। सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग कर वोटर लिस्ट में गड़बड़ी की गई। लोकतंत्र में मतदान करना हर मतदाता का अधिकार है। यदि उसका नाम मतदाता सूची से ही गायब कर दिया जाए तो यह उसके मताधिकार के लोकतांत्रिक अधिकार पर सीधा-सीधा हमला है। कहा कि देहरादून में प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत और उनके के परिवार का नाम जिस तरीके से मतदाता सूची से गायब किया गया है, ये मतदान के अधिकार पर हमला है। पूर्व सीएम और उनके परिवार का नाम वोटर लिस्ट से कैसे गायब हुआ, इसकी उच्च स्तरीय जांच होनी चाहिए। यह प्रकरण साबित करता है की मतदाता सूचियों से भाजपा नेताओं के इशारे पर बड़े पैमाने पर विपक्षी दल के नेताओं और उनके समर्थकों, परिजनों के नाम काटे गए हैं।
उन्होंने कहा कि देहरादून में लगभग हर वार्ड और अन्य जिलों में नगर निगम, नगर पालिका क्षेत्र और नगर पंचायतो से बड़े पैमाने पर नाम गायब होने की शिकायत आई है। बड़े पैमाने पर मतदाताओं के नाम मतदाता सूचियां से गायब हैं। कहीं कहीं पर पूरे मोहल्ले के नाम ही मतदाता सूची से हटा दिए गए हैं। पोलिंग बूथ के स्थान भी बदले गए हैं। नजदीक के पोलिंग बूथ को दूर कर दिया गया। इससे बुजुर्ग, नए वोटरों को दिक्कत पेश आई। इससे बड़ी संख्या में
मतदाताओं को निराश होकर बिना मतदान के ही वापस लौटने को मजबूर होना पड़ा।
पुलिस प्रशासन का जमकर हुआ दुरुपयोग : माहरा ने कहा कि देहरादून के वार्ड 49 भगत सिंह कॉलोनी में पुलिस प्रशासन का दुरुपयोग कर पोलिंग बूथों से विपक्ष के अभिकर्ताओं को बाहर निकाला गया। वार्ड 20 में भी फर्जी मतदान कराने की शिकायत आई। कांग्रेस समर्थकों ने विरोध किया। मतदान में व्यवधान उत्पन्न हुआ। यह सब निंदनीय है। निष्पक्ष और पारदर्शी मतदान व्यवस्था पर भी प्रश्न चिन्ह खड़ा करता है।