गरुड़ में तहसील दिवस पर किया कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अधिकारियों का घेराव, एसडीएम ने सुनी 26 समस्याए
बागेश्वर गरुड़ । तहसील दिवस में दर्ज की गई शिकायतों का समाधान नहीं होने पर कांग्रेस ने कड़ी नाराजगी जताई है। नाराज कार्यकर्ताओं ने इस बार के तहसील दिवस पर अधिकारियों को घेराव किया। इस दिवस को सरकार की नौटंकी बताया। कहा कि तहसील दिवस को शिकायत करने का केंद्र बनाया हुआ है। इससे लोगों का समय और धन बर्बाद हो रहा है। मंगलवार को गरुड़ में तहसील दिवस आयोजित था। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता नारेबाजी के साथ वहां पहुंचे। उन्होंने तहसील दिवस का विरोध शुरू कर दिया। यहां हुई सभा में वक्ताओं ने कहा कि उनकी शिकायत दर्ज हो रही हैं, लेकिन समाधान आज तक नहीं हुआ है। यदि समाधान ही नहीं होना हैतो इस तरह की नौटंकी करके कोई फायदा नहीं होगा। यह सिर्फ सरकारी धन का दुरुपयोग के अलावा कुछ नहीं होगा। उन्होंने कहा कि दो माह पूर्व कांग्रेस ब्लॉक कमेटी ने एसडी गरुड़ को कत्यूर घाटी की 101 मांगों का ज्ञापन सौंपा था, जिसमें विकासखंड की सड़क, अस्पताल, स्कूल, पेयजल, विद्युत, आदि मूलभूत सुविधाओं के मुद्दे लिखे थे। प्रशाशन ने आश्वाशन तो दिया, परन्तु इन समस्याओं के समाधान का कोई हल होता नहीं दिख रहा है।
ब्लॉक अध्यक्ष गिरीश कोरंगा कहा कि जनता दूर दराज से अपनी समस्या लेकर आती है, उनका पैसा और समय दोनों खर्च होता है, लेकिन बदले मिलती है सिर्फ निराशा। इस मौके पर नगर पंचायत अध्यक्ष भावना वर्मा, पूर्व विधायक ललित फर्स्वाण, लक्ष्मण आर्या, भुवन पाठक, उमेश पांडे, प्रकाश चंद्र, कैलाश पवार, प्रकाश कोहली, बसंत सिंह, शंकर, हीरा सिंह नेगी आदि मौजूद रहे।
बयान
सभी समस्याओं के निराकरण के लिए संबंधित विभाग के अधिकारियों को निर्देश जारी किए गए हैं। किसी भी प्रकार की हीलाहवाली की जिम्मेदारी संबंधित अधिकारियों की होगी। जनता
को बेहतर सुविधाएं मिलें, गुड गवर्नेंस स्थापित हो, इसके लिए प्रशासन कटिबद्ध है। – जितेंद्र वर्मा, एसडीएम गरुड़।
26 शिकायतें सुनीं
गरुड़ में गहमा-गहमी के बाद तहसील दिवस भी आयोजित हुआ। इसमें स्वास्थ्य, पुलिस, लोक निर्माण, शिक्षा, आबकारी, विद्युत, पेयजल विभाग अधिकारी मौजूद रहे। लोगों ने 26 शिकायतें दर्ज कीं। उनमें से आधे का समाधान मौके पर ही किया गया।
