रेलवे स्टेशन पर वाहनों की नो-एंट्री पर कांग्रेस का प्रदर्शन
ऋषिकेश । रेलवे स्टेशन पर वाहनों के प्रवेश की नो-एंट्री पर कांग्रेस कार्यकर्ता बिफर गए। उन्होंने द्वार खुलवाने की मांग को लेकर गुरुवार को प्रदर्शन कर एसडीएम अपर्णा ढौंड़ियाल को ज्ञापन भी सौंपा। गुरुवार को कांग्रेस कार्यकर्ता जिलाध्यक्ष मोहित उनियाल की अगुवाई में तहसील मुख्यालय पहुंचे। उन्होंने रेलवे स्टेशन का मुख्य गेट बंद करने का विरोध किया। जिलाध्यक्ष ने कहा कि रेलवे प्रबंधन ने चौपहिया वाहनों के लिए गेट बंद कर दिया है। स्थानीय लोगों और यात्रियों को इससे दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। स्टेशन तक वाहनों की नो-एंट्री होने से यात्रियों को सामान लादकर खुद सड़क तक आना पड़ रहा है। इससे खासतौर पर दिव्यांग, बुजुर्गों और रोगियों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। सभासद गौरव मल्होत्रा ने कहा कि स्टेशन परिसर तक यात्रियों को छोड़ने वाले वाहन बाजार में पार्क हो रहे हैं, जिससे जाम की समस्या भी पैदा हो गई है। आपातकालीन स्थिति में स्टेशन परिसर तक एंबुलेंस और फायर ब्रिगेड वाहन का प्रवेश भी नहीं हो पाएगा। वहीं, कार्यकर्ताओं ने रेलवे क्रॉसिंग की समस्या को भी उठाते हुए ओवरब्रिज निर्माण की भी मांग की। प्रदर्शनकारियों में जिला सचिव वरुण गुप्ता, आरिफ अली, राहुल सैनी, अफसाना अंसारी, सावन राठौर, स्वतंत्र बिष्ट, अमित सैनी, मोइन खान, कपिल अरोड़ा, हर्षित उनियाल, खुर्शीदा आदि शामिल रहे।
