March 12, 2026

बागेश्वर में छेड़छाड़ कर वीडियो वायरल करने वाला एक और धरा


बागेश्वर ।  किशोरियों के साथ मारपीट करने, उन्हें मुर्गा बनाने, छेड़खानी करने तथा पुलिस कार्य में बाधा पहुंचाने के मामले में पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्त कर लिया है। दो आरोपी अभी भी फरार चल रहे हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है। दोनों को न्यायालय में पेश किया। न्यायालय के आदेश के बाद उन्हें अल्मोड़ा जेल भेज दिया है। मालूम हो कि रविवार को दो किशोरियों के साथ गाली-गलौच करने, मारपीट, छेड़छाड़ और मुर्गा बनाने तथा सरकारी काम में बाधा पहुंचाने के बाद दो युवक बागेश्वर से फरार हो गए थे, जबकि एक कपकोट से ही फरार चल रहा था। इस मामले में एक पीड़िता के पिता ने लक्की कठायत, तनुज गड़िया, दक्ष फर्स्वाण तथा योगेश गड़िया पर छेड़खानी, मारपीट एवं गाली गलौच कर जान से मारने की धमकी देने की तहरीर सौंपी थी। साथ ही वीडियो वायरल करने का भी आरोप लगाया। तहरीर के आधार पर उनके खिलाफ 74/115(2)/352/351(2)बीएनएस व 7/8 पोक्सो अधिनियम में मुकदमा दर्ज हुआ। इस मामले में योगेश गड़िया और तनुज गड़िया को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। दोनों को मंगलवार को न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय के आदेश के बाद दोनों को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में अल्मोड़ा जेल भेज दिया है। पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोडके ने कहा कि फरार आरोपी भी जल्द पुलिस की गिरफ्त में होंगे।