बागेश्वर में अब अपने मुखबिर रखेगा वन विभाग, आग लगाने वालों पर सख्त कार्यवाही
बागेश्वर । जिले में वन विभाग अब वनों को आग लगाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने जा रहा है। इसके लिए पुलिस की तर्ज पर मुखबिर तंत्र मजबूत करेगा। यह तंत्र जंगल में आग लगाने वालों की सूचना वन विभाग को देगा। विभाग इसके एवज में उन्हें नगद इनाम देगा। साथ ही ऐसे लोगों के नाम भी गुप्त रखेगा। इसे वनाग्नि काल में विभाग को मदद मिलने की उम्मीद है। यह कदम विभाग ने मुख्य वन संरक्षक कुमाऊं धीरज पांडे के भ्रमण के बाद उठाया है। मालूम हो कि पांडेय चार दिन के भ्रमण पर कुमाऊं दौरे पर थे। इस दौरान उन्होंने कौसानी, छतीना, हरिद्वारछीना क्रू सेंटरों का निरीक्षण किया। उन्होंने डीएफओ को निर्देश दिए थे कि वह जहां आग लगने की घटनाएं अधिक होती हैं, वहां ट्रैप कैमरे लगाएं। साथ ही ड्रोन कैमरों का भी इस्तेमाल करें। जंगलों में आग लगाने वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करें। उन्होंने कहा कि वनाग्नि से सबसे अधिक नुकसान ग्रामीण क्षेत्र में रह रहे लोगों को होता है। अग्निकांड में जानवरों को मिलने वाली पोष्टिक घास नष्ट हो जाती है। वन विभाग ग्रामीण क्षेत्र में संपर्क बढ़ाएं। यहां से आग की घटनाओं की जानकारी मिल जाएगी। डीएफओ ध्रुव मर्तोलिया ने बताया कि जिले में मुखबिर तंत्र मजबूत किया जाएगा। वनों को आग से बचाने के लिए सभी का सहयोग लिया जाएगा।
