Advertisement
Advertisement
Advertisement
November 7, 2026

भीषण गर्मी के बीच चमोली में बारिश से तबाही, घरों में घुसा बरसाती पानी-मलबे में दबीं गाड़ियां


– बदरी-केदार की ऊंची चोटियों पर बर्फबारी, मैदान में बारिश, ओलावृष्टि से फसलों को नुकसान
चमोली ।  उत्तराखंड में अप्रैल महीने में भीषण गर्मी के बीच फिर से मौसम ने करवट ली है। बारिश के बाद एक ओर जहां लोगों को तपती गर्मी से राहत मिली तो दूसरी ओर बरसाती पानी मुसीबत बनकर सामने आया।उत्तराखंड के चमोली जिले में सबसे ज्यादा नुकसान हुआ है। बुधवार दोपहर को हुई बारिश के बाद नालियां-गदेरे सहित नदियां उफान पर आ गईं। बरसाती पानी के घरों में घुसने से लोगों को कई मुश्किलों का सामना भी करना पड़ा।
दूसरी ओर, बारिश के बाद पहाड़ी से आए मलबे में दो गाड़ियां भी दब गईं। हालांकि, राहत भरी बात यह रही कि बारिश और ओलावृष्टि से कोई जानमाल का नुकसान नहीं हुआ है। चमोली जिले के थराली में बुधवार शाम को 4 बजे के करीब अचानक आसमान में काले बादल छा गए। क्षेत्रभर में बारिश के साथ भारी ओलावृष्टि भी हुई।
शाम के समय अंधेरा होने की वजह से ग्रामीणों को आवाजाही करने के लिए टॉर्च और घरों में लाइट जलानी पड़ी। करीब डेढ़ घंटे की बारिश से नाले-गदेरे सहित नदियां उफान पर आ गईं थीं। पिंडर नदी का जलस्तर बढ़ने से लोग सहम गए थे।
जिला प्रशासन और एसडीआरएफ-बचाव दल भी एक्टिव:  जिले में बारिश और ओलावृष्टि के बाद पुलिस-प्रशासन भी एक्टिव मोड पर आ गया। राहत व बचाव दल को सतर्क रहने की सख्त हिदायत दी गई है। बारिश की वजह से हुए नुकसान का आंकलन भी किया जा रहा है। तहसीलदार थराली अक्षय पंकज ने बताया कि जानमाल के नुकसान की कोई सूचना नहीं है। बताया कि थराली बाजार में हुए नुकसान का भी आकलन किया जा रहा है इसकी रिपोर्ट शीघ्र ही उच्च अधिकारियों को भेज दी जाएगी।

You may have missed

Advertisement