Advertisement
Advertisement
Advertisement
October 12, 2026

दोषियों को फांसी की सजा के लिए हाईकोर्ट जाएंगे: अंकिता की मां


 – अंकिता की मां सोनी देवी ने कहा  फैसले से संतुष्ट तो नहीं हैं, लेकिन थोड़ी शांति जरूर मिली
देहरादून ।  अंकिता भंडारी हत्याकांड में दोषियों को फांसी की सजा की मांग को लेकर अंकिता के माता-पिता हाईकोर्ट का रूख करेंगे। सजा सुनाए जाने के बाद अंकिता की मां सोनी देवी ने कहा कि वह इस फैसले से संतुष्ट तो नहीं हैं, लेकिन थोड़ी शांति जरूर मिली है। वह संतुष्ट तब होंगी, जब दोषियों को फांसी की सजा मिलेगी। कोर्ट परिसर में पत्रकारों से बातचीत करत हुए अंकिता की मां ने कहा कि जिस तरह से अपराधियों ने उनकी बेटी के साथ बुरा किया, हमारी जिंदगी को नरक बना दिया, इसका दर्द एक मां ही समझ सकती है। बेटी को खोने का दर्द आसान नहीं होता है। बयान देते हुए बेहद अंदाज में सोनी देवी ने कहा कि वह उत्तराखंड की जनता से हाथ जोड़कर अपील कर रही हैं कि आगे भी इस लड़ाई में उनका साथ दें। यह जनता की जिद थी कि उन्हें इस लड़ाई में पहली जीत मिली है। उन्होंने कहा कि अब तो यह लड़ाई और बड़ी हो गई है। अगर जनता का साथ मिला तो अपराधियों को ऐसी सजा मिले कि फिर कोई किसी बेटी के साथ ऐसी हरकत न कर पाए। ऐसा करने से पहले वह हजार बार सोचे। उन्होंने कहा कि वह आगे की लड़ाई के लिए हाईकोर्ट जाएंगे। उन्होंने इस पूरे प्रकरण में साथ देने के लिए उत्तराखंड की जनता का धन्यवाद भी किया है।

Advertisement