Advertisement
Advertisement
Advertisement
October 17, 2026

अनेक कार्यक्रमों के साथ बागेश्वर ने दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

बागेश्वर । विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जनपद में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने हेतु विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। मुख्य आयोजन कपकोट के केदारेश्वर मैदान में सम्पन्न हुआ, जिसमें रैली, वृक्षारोपण, साइकिल रैली, क्रॉस कंट्री दौड़, शपथ ग्रहण तथा हस्ताक्षर अभियान जैसी गतिविधियाँ शामिल रहीं।

मुख्य कार्यक्रम का शुभारंभ विकासखंड कार्यालय से केदारेश्वर मैदान तक निकाली गई भव्य जागरूकता रैली से हुआ, जिसे विधायक कपकोट सुरेश गढ़िया एवं जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली में एनसीसी, एनएसएस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, वन विभाग, जनप्रतिनिधि, अधिकारी और कर्मचारी सम्मिलित हुए। “माँ की ममता, पेड़ का दान – एक पेड़ माँ के नाम”, “धरती और अंबर करे पुकार – पर्यावरण सुरक्षा करो अपार”, “प्लास्टिक का करें बहिष्कार – धरती को बनाएं हरा-भरा संसार” जैसे नारों ने वातावरण को जागरूकता से सराबोर कर दिया।

केदारेश्वर मैदान में दीप प्रज्वलन के साथ कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपे गए। जिलाधिकारी ने उपस्थित जनसमूह को पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई और हस्ताक्षर अभियान में भागीदारी करवाई।

कार्यक्रम के दौरान आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया गया। पेंटिंग प्रतियोगिता में प्रिया कोरंगा, निबंध में उमंग सिंह तथा पत्र लेखन में गौरव कोरंगा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। दीक्षा कोरंगा, रीना और करिश्मा देवली को द्वितीय, जबकि खुशबू कोरंगा, जानकी दानू और प्रीति मेहता को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ।

विधायक सुरेश गढ़िया ने कहा कि पर्यावरण ही हमें स्वच्छ हवा और जल प्रदान करता है। उन्होंने जलवायु परिवर्तन की चुनौती पर चिंता व्यक्त करते हुए सामूहिक प्रयास और जनभागीदारी को इसका समाधान बताया। साथ ही नदियों की स्वच्छता और वनों के संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया।

जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने प्लास्टिक के दुष्प्रभावों पर प्रकाश डालते हुए इसके उपयोग से बचने की अपील की। उन्होंने कहा कि ग्लोबल वार्मिंग की चुनौती से निपटने के लिए अधिकाधिक वृक्षारोपण आवश्यक है। उन्होंने रोपित पौधों की सुरक्षा हेतु टी-गार्ड लगाने और संभाव्यता हो तो उनका जीओ-टैगिंग करने के निर्देश प्रभागीय वनाधिकारी को दिए। इससे पूर्व उन्होंने खेल विभाग द्वारा आयोजित साइकिल रैली एवं क्रॉस कंट्री दौड़ को रवाना किया तथा कलेक्ट्रेट परिसर में “मेरा वोट – मेरी पहचान, मेरा वृक्ष – मेरी जान” कार्यक्रम के अंतर्गत वृक्षारोपण किया।

कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी एन.एस. नबियाल, प्रभागीय वनाधिकारी ध्रुव सिंह मर्तोलिया, ब्लॉक प्रशासक गोविंद सिंह दानू, नगर पंचायत अध्यक्ष गीता ऐठानी, सभासदगण, मुख्य शिक्षा अधिकारी जी.एस. सौन, उपजिलाधिकारी अनिल सिंह रावत, सहायक संभागीय अधिकारी अमित कुमार, खंड विकास अधिकारी ख्याली राम सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Advertisement