बाहरी ठेकेदार को काम देने पर हिल कॉन्ट्रैक्टर्स ने दिया धरना
अल्मोड़। । डोबा-चौसली (क्वारब बाईपास) मार्ग का ठेका बाहरी राज्य के ठेकेदार को दिए जाने की सूचना से नाराज हिल कॉन्टैक्टर वेलफेयर एसोसिएशन ने शुक्रवार को लोक निर्माण विभाग के प्रांतीय खंड कार्यालय पर जोरदार धरना प्रदर्शन किया। एसोसिएशन का कहना है कि यह निर्णय शासनादेशों और विभागीय नियमों की खुली अवहेलना है। प्रदर्शन कर रहे ठेकेदारों ने आरोप लगाया कि विभाग ने 10 करोड़ रुपये तक के कार्यों को स्थानीय ठेकेदारों को प्राथमिकता से देने संबंधी सीएम के आदेश को नजरअंदाज करते हुए बाहरी राज्य के ठेकेदार को कार्य आवंटित कर दिया, जो पहाड़ के ठेकेदारों के साथ अन्याय है। संगठन के अध्यक्ष प्रयाग सिंह बिष्ट और महासचिव सुरेंद्र सिंह बेलवाल ने कहा कि विभाग का यह रवैया स्थानीय ठेकेदारों के हितों के विरुद्ध है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि भविष्य में भी नियमों की अनदेखी कर इसी तरह बाहरी ठेकेदारों को ठेके दिए गए, तो एसोसिएशन उग्र आंदोलन करेगी। धरना स्थल पर अधिशासी अभियंता द्वारा दिए गए लिखित आश्वासन के बाद एसोसिएशन ने अपना प्रदर्शन समाप्त कर दिया। धरने में उपाध्यक्ष अकरम खान, गोपाल सिंह चौहान, पूरन चंद्र पालीवाल, जितेंद्र सिंगवाल, जगदीश पांडे, नंदन सिंह सिंगावल, शंकर सिंह गैड़ा, जगत कनवाल, बीके पांडे, प्रदीप सिंह बिष्ट, हितेश भट्ट, किशन सिंह बिष्ट और गोपाल सिंह बिष्ट सहित कई स्थानीय ठेकेदार मौजूद रहे।
