March 7, 2026

बैजनाथ पुलिस अलर्ट मोड पर, पंचायत चुनावों को लेकर 4 अराजक तत्वों पर कसी लगाम

बागेश्वरगरुड । त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव-2025 को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से सम्पन्न कराने के उद्देश्य से बागेश्वर पुलिस सतर्क और सख्त कार्रवाई के मूड में है। पुलिस अधीक्षक श्री चन्द्रशेखर घोडके (IPS) के दिशा-निर्देशन में जनपदभर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार चेकिंग अभियान और निगरानी तेज कर दी गई है।

इसी क्रम में थाना बैजनाथ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए क्षेत्र में शांति भंग करने और अराजकता फैलाने वाले चार व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। ये गिरफ्तारियाँ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएसएस) की धारा 172/170/126/135 के अंतर्गत की गई हैं। गिरफ्तार आरोपियों में राहुल सिंह पुत्र किशन सिंह निवासी ग्राम नौघर, फिरोज़ खान पुत्र इनायत खान, शाकिर पुत्र नसूरुल्ला खान एवं जुनैद पुत्र इनायत निवासी टीट बाजार, बैजनाथ शामिल हैं।

पुलिस की इस कार्रवाई से स्पष्ट संकेत मिला है कि जनपद में किसी भी प्रकार की अराजक गतिविधि को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। चुनाव के दौरान शांति भंग करने की मंशा रखने वाले व्यक्तियों पर सख्ती के साथ कार्रवाई की जा रही है। पुलिस टीम लगातार संवेदनशील इलाकों में गश्त कर रही है और संदिग्धों पर कड़ी नजर रखी जा रही है।

जनपद पुलिस द्वारा आम जनता से अपील की गई है कि वे चुनाव प्रक्रिया में सहयोग करें और किसी भी तरह की संदिग्ध या अराजक गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। पुलिस प्रशासन की इस तत्परता से क्षेत्र में सुरक्षा और विश्वास का वातावरण बना हुआ है।