February 15, 2026

यूसीसी के क्रियान्वयन में बागेश्वर राज्य में प्रथम स्थान पर


बागेश्वर । उत्तराखंड में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) के प्रभावी क्रियान्वयन की हालिया समीक्षा रिपोर्ट में बागेश्वर जनपद ने उल्लेखनीय प्रदर्शन कर राज्य के सभी जिलों में अग्रणी स्थान प्राप्त किया है। जिले ने यूसीसी के अंतर्गत सेवाओं के पंजीकरण, एसआरओ (सब-रजिस्ट्रार ऑफिस) अभिस्वीकृति, विवाह पंजीकरण और त्वरित निस्तारण के क्षेत्र में कई मानकों पर उत्कृष्ट उपलब्धियां दर्ज की हैं। बागेश्वर में यूसीसी से संबंधित आवेदनों की अनुमोदन दर 95 प्रतिशत दर्ज की गई है। जिले में आवेदनों का कुशलतापूर्वक और बिना अड़चनों के निस्तारण किया जा रहा है। वहीं, अस्वीकृति दर केवल तीन रही, जो औसत चार प्रतिशत से कम है। अपीलों की लंबित दर भी बागेश्वर में न्यूनतम 0.7 प्रतिशत है। विवाह पंजीकरण के क्षेत्र में भी बागेश्वर ने सबसे आगे विवाहित जोड़ों में से 56 प्रतिशत का पंजीकरण सुनिश्चित किया है, जो राज्य में सर्वाधिक है। खासतौर पर सरकारी कर्मियों में विवाह पंजीकरण,पावती की अनुपालन दर 99.69 प्रतिशत तक पहुंच गई है। इसके अतिरिक्त, जिले में 15 दिनों से अधिक समय से लंबित आवेदन केवल 11 हैं। सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि बागेश्वर जिले की कोई भी ग्राम पंचायत या शहरी वार्ड ऐसा नहीं है जहां से यूसीसी के तहत कोई आवेदन प्राप्त न हुआ हो। जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने इस महत्वपूर्ण उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त की है। उन्होंने जिले के सभी पात्र नागरिकों से यूसीसी में अपना पंजीकरण कराने की अपील की है।

You may have missed