March 11, 2026

द्यौनाई घाटी में गुलदार की दहशत


बागेश्वर गरुड ।   द्योनाई घाटी के दर्जनों गांवों में गुलदार का आतंक बना हुआ है। गुलदार सुबह-शाम आबादी के आसपास दिख रहा है। इससे लोगों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से शीघ्र गुलदार के आतंक से निजात दिलाए जाने की मांग की है। द्योनाई घाटी के रिठाड़ ,द्योनाई, भगरतोला, कोलतुलारी, बंतोली, भतड़िया, नौगांव, भिटारकोट, बिमौला, पचना आदि गांवों में गुलदार का जबरदस्त आतंक हो गया है। गुलदार अब तक दर्जनों पालतू जानवरों को निवाला बना चुका है। सुबह-शाम गुलदार घरों के पास दिख रहा है।

अभी 2 दिन पूर्व रिठाड़ गाँव के अर्जुन राणा के जर्मन शेफर्ड कुत्ते को गुलदार घर के आंगन से शाम को क्रीं 8 बजे आधा किलोमीटर दूर तक ले गया। उनके व गाँव वालों के द्वारा जोरदार शोरगुल करने पर वह कुत्ते को छोड़ने पर मजबूर हुआ। घायल कुत्ते का अभी इलाज चल रहा हैं जो कि काफी घायल हो चुका है।

जिससे लोग दहशत में हैं। बच्चों का स्कूल जाना, लोगों का बाजार से घर आना-जाना मुश्किल हो रहा है।

समाजसेवी डा. किशन राणा, अर्जुन राणा, पूर्व ग्राम प्रधान प्रकाश कोहली, कैलाश बोरा, चंदन बोरा, विनोद कोहली, हरीश राम आदि ने वन विभाग से गांव में नियमित गश्त करने और पिंजरा लगाए जाने की मांग की है। इधर वन क्षेत्राधिकारी महेंद्र सिंह गुसाई ने बताया कि द्योनाई घाटी में गुलदार दिखने की सूचना मिली है। टीम को गांव में गश्त पर भेजा गया है। गुलदार की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।