March 11, 2026

हरेला पर्व व नदी उत्सव पर बैजनाथ धाम में भव्य वृक्षारोपण कार्यक्रम, पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प

बागेश्वर गरुड । जिला गंगा समिति बागेश्वर एवं वन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में नमामि गंगे परियोजना के अंतर्गत बैजनाथ धाम में हरेला पर्व एवं नदी उत्सव का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर वृहद स्तर पर वृक्षारोपण किया गया, जिसमें बड़,आंवला, हरड़, नींबू जैसे औषधीय और पर्यावरणीय दृष्टि से महत्वपूर्ण पौधे रोपे गए। कार्यक्रम में जिलेभर से अधिकारी, छात्र-छात्राएं, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि दर्जा राज्य मंत्री शिव सिंह बिष्ट ने हरेला को हरियाली और पर्यावरण संरक्षण का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि यह पर्व हमें प्रकृति के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने और हर व्यक्ति को कम से कम एक वृक्ष लगाने की प्रेरणा देता है।

जिलाधिकारी आशीष भटगाई ने कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कहा कि हरेला पर्व केवल औपचारिकता न रह जाए, इसके लिए “मैक्सिमम सर्वाइवल ऑफ प्लांटेड ट्रीज” यानी लगाए गए पौधों की जीवित रहने की अधिकतम दर सुनिश्चित करना जरूरी है। उन्होंने बताया कि जनपद में “जन्मदिन वाटिका” की शुरुआत की जाएगी, जिसके तहत नागरिकों को उनके जन्मदिन पर पौधा लगाने के लिए प्रेरित किया जाएगा।

डीएम ने बताया कि जिले में आज का वृक्षारोपण लक्ष्य 50,000 पौधे था। इसके साथ ही नदी उत्सव के अंतर्गत गरुड़ क्षेत्र की गोमती नदी को चिह्नित करते हुए उसमें नालों की सफाई, चेक डैम निर्माण और जलधारा को पुनर्जीवित करने की योजना बनाई गई है। साथ ही पॉलीथीन मुक्त अभियान को भी युद्ध स्तर पर चलाने की आवश्यकता पर जोर दिया।

प्रभागीय वनाधिकारी ध्रुव सिंह मर्तोलिया ने हरेला को उत्तराखंड की सांस्कृतिक पहचान बताते हुए कहा कि यहाँ की परंपरा में एक टहनी भी पौधे के रूप में विकसित होकर पर्यावरण को जीवन प्रदान करती है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार द्वारा आज पूरे प्रदेश में 5 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है, जो 15 अगस्त तक विभिन्न रेंजों, विद्यालयों व संस्थानों में चलाया जाएगा।

कार्यक्रम में एसडीएम गरुड़ प्रियंका रानी,जिला सूचना अधिकारी शितिज वर्मा, महेंद्र सिंह वन क्षेत्राधिकारी बैजनाथ, ईश्वरी दत्त कांडपाल उप वन रेंजर , देवेंद्र सिंह कैड़ा ,शंकर सिंह परिहार , प्रकाश चन्द्र जोशी ,वन विभाग के समस्त वन दारोगा , दीपक फर्स्वाण, आरक्षी व कर्मचारियों सहित खंड शिक्षा अधिकारी कमलेश्वरी मेहता, तहसीलदार गरुड़ निशा रानी, जीजीआईसी पाए की बालिकाएं, विवेकानंद इंटर कॉलेज व जीआईसी गरुड़ के छात्र-छात्राओं सहित सभी विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ पत्रकार चंद्र शेखर बड़सीला द्वारा किया गया। कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों द्वारा सामूहिक वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया गया ।