हरिद्वार में मनसा देवी मंदिर के पैदल मार्ग पर भगदड़, 6 श्रद्धालुओं की मौत, 28 घायल
हरिद्वार । हरिद्वार जनपद के प्रसिद्ध मनसा देवी मंदिर के पैदल मार्ग पर आज रविवार सुबह करीब नौ बजे एक दर्दनाक हादसा घटित हुआ, जब अचानक भगदड़ मचने से 6 श्रद्धालुओं की मौके पर ही मौत हो गई और 28 अन्य घायल हो गए। हादसे के वक्त मंदिर मार्ग पर भारी भीड़ मौजूद थी, जो सावन के पावन अवसर पर दर्शन के लिए एकत्र हुई थी।
मुख्यमंत्री ने जताया गहरा शोक
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने इस हृदयविदारक घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए दिवंगत श्रद्धालुओं के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की है। मुख्यमंत्री ने कहा, “यह दुखद घड़ी पूरे राज्य के लिए बेहद पीड़ादायक है। सरकार पीड़ित परिवारों के साथ हरसंभव सहयोग के लिए तत्पर है।”
उन्होंने मृतकों के परिजनों को ₹2 लाख की आर्थिक सहायता तथा घायलों को ₹50 हजार की राहत राशि प्रदान करने की घोषणा की। साथ ही, उन्होंने जिलाधिकारी हरिद्वार को निर्देशित किया कि पीड़ितों को तत्काल राहत एवं चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराई जाए।
मजिस्ट्रियल जांच के आदेश, भीड़ प्रबंधन की समीक्षा
मुख्यमंत्री धामी ने इस घटना की मजिस्ट्रियल जांच के आदेश भी दिए हैं और आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विभाग के सचिव श्री विनोद कुमार सुमन को निर्देशित किया है कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था एवं यात्रा मार्गों की समुचित समीक्षा की जाए।
घायलों का तुरंत उपचार, गंभीर को एम्स रेफर
सचिव श्री सुमन ने जानकारी दी कि हादसे में घायल सभी श्रद्धालुओं को तुरंत चिकित्सा सहायता मुहैया कराई गई। इनमें से 5 गंभीर रूप से घायल श्रद्धालुओं को एम्स ऋषिकेश रेफर किया गया है, जबकि 23 अन्य घायलों का इलाज जिला चिकित्सालय, हरिद्वार में चल रहा है। स्वास्थ्य विभाग की टीमें हरसंभव चिकित्सकीय सुविधा प्रदान कर रही हैं।
आपातकालीन परिचालन केंद्र सक्रिय, राहत कार्य जारी
घटना की सूचना मिलते ही सचिव आपदा प्रबंधन श्री सुमन राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र पहुँचे और राहत कार्यों की निगरानी शुरू की। उन्होंने एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीमों को तत्काल मोर्चे पर डटकर राहत एवं बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए।
इस दौरान कंट्रोल रूम में अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी (क्रियान्वयन) डीआईजी श्री राज कुमार नेगी, संयुक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री मो. ओबैदुल्ला अंसारी, आपदा विशेषज्ञ श्री हेमंत बिष्ट एवं श्री मनीष कुमार भी मौजूद रहे।
प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे यात्रा के दौरान संयम बरतें और निर्देशों का पालन करें, जिससे भविष्य में ऐसी त्रासदी दोहराई न जाए।
