March 6, 2026

त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव 2025: मतगणना के दिन बागेश्वर पुलिस का यातायात रूट प्लान जारी, जानें क्षेत्रवार व्यवस्था

बागेश्वर गरुड । 31 जुलाई 2025 को होने जा रही त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की मतगणना के मद्देनज़र बागेश्वर पुलिस ने नगर क्षेत्र, गरुड़ और कपकोट क्षेत्र के लिए अलग-अलग यातायात रूट प्लान जारी किया है। यह रूट प्लान मतगणना स्थल पर भीड़ नियंत्रित करने और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के उद्देश्य से तैयार किया गया है। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे जारी दिशा-निर्देशों का पूर्णतः पालन करें और प्रशासन को सहयोग दें।

बागेश्वर नगर क्षेत्र के लिए यातायात व्यवस्था

मतगणना में भाग लेने वाले सभी प्रत्याशियों के वाहन इण्डोर स्टेडियम से होकर कालेज ग्राउंड तक पहुंचेंगे और वहीं पार्क किए जाएंगे। सभी वाहनों का संचालन इण्डोर स्टेडियम मार्ग से ही होगा। मतगणना ड्यूटी में नियुक्त अधिकारी व कर्मचारी B.Ed संकाय ग्राउंड में अपने वाहन पार्क करेंगे। प्रत्याशियों और उनके समर्थकों के वाहन भी इसी मार्ग से आवागमन करेंगे। कालेज रोड पर दोपहिया एवं चारपहिया वाहनों की पार्किंग पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेगी।

थाना बैजनाथ (गरुड़ क्षेत्र) के लिए रूट प्लान

मतगणना स्थल ब्लॉक कार्यालय गरुड़ तक केवल अधिकृत अधिकारी, कार्मिक, प्रत्याशी और अभिकर्ता ही अस्पताल तिराहा भकुनखोला से छोटे वाहनों द्वारा प्रवेश कर सकेंगे। मटेना तिराहा से केवल प्रशासनिक अधिकारी और ड्यूटी में नियुक्त कर्मचारी ही ब्लॉक कार्यालय जा सकेंगे। वाहन पार्किंग हेतु विभिन्न स्थलों का निर्धारण किया गया है –

प्रत्याशी और अभिकर्ता: नव निर्मित जिला पंचायत भवन पार्किंग मैदान

प्रशासनिक अधिकारी: पशु चिकित्सालय मैदान

मतगणना कार्मिक: वालीबाल मैदान

आपात सेवाएं: जिला पंचायत कार्यालय मैदान
मटेना तिराहा से अस्पताल तिराहा तक मार्ग को नो पार्किंग ज़ोन घोषित किया गया है, जबकि पशु चिकित्सालय बैरिकेडिंग से ब्लॉक कार्यालय परिसर को ज़ीरो जोन घोषित किया गया है।

थाना कपकोट क्षेत्र में लागू यातायात व्यवस्था

कपकोट क्षेत्र से मतगणना में भाग लेने वाले प्रत्याशियों और उनके समर्थकों के लिए भी यातायात और पार्किंग की ठोस व्यवस्था की गई है:

शामा, कर्मी, सूपी आदि ग्रामों से आने वाले वाहन: केदारेश्वर मैदान, कपकोट में पार्किंग

हरसिला, सुमटी, पुडकुनी, बागेश्वर से आने वाले वाहन: गडेरा तिराहा पार्किंग स्थल

गुलेर और भैसुडीकुटीर से आने वाले वाहन: गुलेर रोड और केदारेश्वर मैदान
भीड़ अधिक होने पर वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्था की गई है:

बागेश्वर को जाने वाले बड़े वाहन/टैक्सी: सरयू पुल – थाना रोड – गैरखेत – हरसिला होकर भेजे जाएंगे।

बागेश्वर से कपकोट की ओर आने वाले वाहन: हरसिला तिराहा – गैरखेत – पनौरा – थाना रोड – भराडी मार्ग से भेजे जाएंगे।

बागेश्वर पुलिस ने सभी नागरिकों, प्रत्याशियों और समर्थकों से अपील की है कि वे इस यातायात रूट प्लान का सख्ती से पालन करें। किसी भी प्रकार की अव्यवस्था से बचने के लिए सभी को निर्धारित पार्किंग स्थलों और मार्गों का उपयोग करना अनिवार्य है। प्रशासन की इस योजना का उद्देश्य मतगणना के दिन शांति, सुरक्षा और सुचारु यातायात व्यवस्था बनाए रखना है।

कृपया सहयोग करें और जिम्मेदार नागरिक बनें।