March 14, 2026

मतगणना को लेकर बागेश्वर पुलिस अलर्ट मोड पर, एसपी ने लिया सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा

बागेश्वर गरुड । त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव 2025 के सफलतापूर्वक मतदान के बाद अब मतगणना को लेकर बागेश्वर पुलिस पूर्ण सतर्कता में है। मतगणना प्रक्रिया को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराने के लिए गरुड़ ब्लॉक व डिग्री कॉलेज बागेश्वर में व्यापक सुरक्षा प्रबंध किए जा रहे हैं।

आज पुलिस अधीक्षक बागेश्वर श्री चंद्रशेखर घोडके ने दोनों मतगणना स्थलों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों को सख्त व आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान दिए गए प्रमुख निर्देश:

मतगणना स्थल पर बाहरी व्यक्तियों के प्रवेश पर पूर्णतः प्रतिबंध रहेगा।

वाहनों की पार्किंग हेतु स्थान चिह्नित कर, यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के निर्देश।

मतगणना स्थल पर विद्युत आपूर्ति की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश।

सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए ड्यूटी चार्ट तैयार कर पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश।

एसपी श्री घोडके ने यह भी स्पष्ट किया कि मतगणना के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या कानून व्यवस्था भंग करने वाले तत्वों से सख्ती से निपटा जाएगा।

निरीक्षण के दौरान प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी व कर्मचारीगण भी मौजूद रहे।

बागेश्वर पुलिस द्वारा की जा रही यह तैयारियाँ यह सुनिश्चित करती हैं कि मतगणना प्रक्रिया निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हो सके।