March 17, 2026

रिठाड़ वन पंचायत में 500 पेड़ों के साथ हुआ बृहद वृक्षारोपण: महिलाओं की अग्रणी भूमिका, पर्यावरण संरक्षण की ओर अहम कदम

बागेश्वर गरुड । प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर और चीड़ वृक्षों से आच्छादित रिठाड़ ग्राम की वन पंचायत में आज एक विशेष अवसर देखने को मिला, जब गाँव के सैकड़ों लोग – विशेष रूप से महिलाएं – पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक अहम पहल का हिस्सा बने। वन पंचायत के तत्वावधान में आयोजित इस बृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम में कुल 500 पेड़ लगाए गए, जिनमें स्थानीय जैव विविधता को बढ़ाने वाले वृक्ष जैसे बाज, फलयात, मणिपुरी बाज, आंवला, तिमिल, काफल और बुराँस शामिल थे।

इस कार्यक्रम की सबसे खास बात रही गाँव की महिलाओं की सक्रिय भागीदारी। पारंपरिक परिधानों में सजी और हाथों में पौधे थामे महिलाओं ने मिलकर यह संदेश दिया कि पर्यावरण की रक्षा अब केवल सरकार या संस्थाओं की नहीं, बल्कि हर नागरिक की जिम्मेदारी है।

कार्यक्रम की अगुवाई कर रहे वन पंचायत विकास समिति के जिलाध्यक्ष श्री अर्जुन राणा ने सभी ग्रामवासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा: “वृक्षारोपण करना केवल एक दिन का कार्य नहीं, बल्कि इन पौधों की सुरक्षा और देखरेख करना भी हमारी नैतिक जिम्मेदारी है। हमें यह सुनिश्चित करना होगा कि आज जो बीज हमने बोया है, वह कल छांव और जीवन देगा।”

वन पंचायत सरपंच ने इस कार्यक्रम की सफलता का श्रेय वन विभाग और विशेषकर प्रभागीय वनाधिकारी ध्रुव सिंह मर्तोलिया ,वन क्षेत्राधिकारी बैजनाथ श्री महेंद्र गुसाईं व वन दारोगा नवीन तिवारी को देते हुए कहा कि,
“उनके सहयोग से ही हमें निःशुल्क पौधे प्राप्त हुए, और गाँव के सभी लोगों ने श्रमदान कर इस अभियान को सफल बनाया।”

यह आयोजन एक मात्र वृक्षारोपण नहीं था, बल्कि यह सामुदायिक चेतना, सहयोग और प्रकृति के प्रति सम्मान का प्रतीक था। गांव के पुरुषों और महिलाओं ने एक साथ मिलकर यह सिद्ध कर दिया कि जब एकजुट होकर काम किया जाए, तो कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं।

इस प्रकार, रिठाड़ गाँव ने न केवल आने वाली पीढ़ियों के लिए हरियाली की सौगात दी है, बल्कि पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारी को भी निभाया है। यह प्रयास अन्य गांवों के लिए भी प्रेरणा बन सकता है।

वृक्षारोपण अभियान में नीमा देवी, तारा देवी, मुन्नी देवी, पुष्पा लीला देवी, देवी,बसन्ती देवी,गीता देवी, मंजू देवी,राधा देवी,ममता देवी, सुना राणा,तुलसी,हेमा सहित बिसन सिंह, भुवन सिंह, महेंद्र सिंह व नारायण सिंह सहित अनेक लोग शामिल हुए।