March 6, 2026

पहले राज्य बनाने के लिए संघर्ष किया अब बचाने को लड़ेंगे: दिवाकर


हरिद्वार ।  उत्तराखंड क्रांति दल (उक्रांद) एक बार फिर प्रदेश में सक्रिय भूमिका निभाने की तैयारी में है। दल के कार्यकर्ता अब प्रदेश के ज्वलंत मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाएंगे। पूर्व कैबिनेट मंत्री दिवाकर भट्ट ने तरुण हिमालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में कहा कि जैसे पहले राज्य बनाने के लिए संघर्ष किया था, अब राज्य को बचाने की लड़ाई लड़नी होगी। उन्होंने कहा कि राज्य आंदोलनकारियों के बलिदान का मकसद आज तक पूरा नहीं हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य बनने के वर्षों बाद भी पलायन रुकने का नाम नहीं ले रहा है। पहाड़ों के गांव वीरान होते जा रहे हैं और सरकार रोजगार देने में पूरी तरह विफल साबित हो रही है। उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने राज्य आंदोलन में भाग नहीं लिया, वे आज सत्ता में बैठे हैं और जनता की उपेक्षा कर रहे हैं। दिवाकर भट्ट ने कहा कि प्रदेश की बिजली और पानी बाहरी राज्यों को बेचा जा रहा है, जबकि स्थानीय जनता को महंगी दरों पर मिल रही है। बेरोजगारी के चलते पढ़े-लिखे युवा आज भी पलायन को मजबूर हैं। उन्होंने कहा कि बड़े-बड़े बांधों से कोई विशेष लाभ नहीं हुआ, जबकि छोटे बांध बनाकर युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार दिया जा सकता है।