Advertisement
Advertisement
Advertisement
November 6, 2026

क्वारब के पास बस-बाइक की भीषण टक्कर, खत्याड़ी निवासी व्यक्ति की मौत


अल्मोड़ा ।  अल्मोड़ा-नैनीताल जनपद सीमा के पास स्थित क्वारब क्षेत्र में मंगलवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब केमू की एक बस और सामने से आ रही बाइक की आमने-सामने टक्कर हो गई। मृतक की पहचान खत्याड़ी निवासी नरेंद्र सिंह बजेठा के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार मंगलवार करीब दोपहर 12 बजे केमू की बस संख्या यूके 04पीए0711 अल्मोड़ा से हल्द्वानी की ओर जा रही थी, जबकि बाइक संख्या डब्लूबी10 8624 सवार खैरना से अल्मोड़ा की तरफ आ रहा था। क्वारब पुल पार करने के बाद बस ने सामने से आ रही बाइक को जबरदस्त टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और चालक सड़क पर गिर पड़ा। सूचना मिलते ही क्वारब चौकी से एएसआई गोविंदी टम्टा, कांस्टेबल आनंद राणा, गोपाल बिष्ट और विजय आगरी मौके पर पहुंचे। पुलिस टीम ने घायल को तत्काल 108 सेवा के माध्यम से सीएचसी सुयालबाड़ी भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की जेब से मिले आधार कार्ड से उसकी पहचान नरेंद्र सिंह बजेठा, उम्र करीब 42 वर्ष, पुत्र लाल सिंह बजेठा, निवासी खत्याड़ी, अल्मोड़ा के रूप में की गई। दुर्घटना की सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे, जहां शोकाकुल माहौल छा गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस चालक एक अन्य वाहन को ओवरटेक करने की कोशिश कर रहा था, इसी दौरान बाइक सवार उसकी चपेट में आ गया। बस के अगले टायर की चपेट में आने से नरेंद्र सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने पंचनामा भरने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

Advertisement