Advertisement
Advertisement
Advertisement
October 14, 2026

क्रिकेटर यश दयाल की जल्द होगी गिरफ्तारी!, राजस्थान हाईकोर्ट ने जमानत पर रोक लगाने से किया इनकार


जयपुर । आईपीएल 2025 चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (आरसीबी) के तेज गेंदबाज यश दयाल को नाबालिग लड़की से दुष्कर्म के मामले में राजस्थान उच्च न्यायालय से कोई राहत नहीं मिली है। न्यायमूर्ति सुदेश बंसल की अदालत ने स्पष्ट किया कि पीड़िता नाबालिग है, इसलिए गिरफ्तारी या पुलिस कार्रवाई पर रोक नहीं लगाई जा सकती। अदालत ने मामले की केस डायरी तलब करते हुए 22 अगस्त को अगली सुनवाई तय की है।
दयाल के वकील कुणाल जैमन ने बताया कि इससे पहले गाजियाबाद में एक लड़की ने उनके मुवक्किल के खिलाफ इसी तरह का मामला दर्ज कराया था, जिसमें इलाहाबाद उच्च न्यायालय ने गिरफ्तारी पर रोक लगा दी थी। वकील का दावा है कि यह एक संगठित गिरोह की साजिश है, जो इस तरह के मामलों के जरिए ब्लैकमेल करता है।
सांगानेर थाना पुलिस के अनुसार, जयपुर की शिकायतकर्ता युवती की यश दयाल से मुलाकात क्रिकेट खेलते समय हुई थी। आरोप है कि करीब दो वर्ष पहले, जब वह नाबालिग (17 वर्ष) थी, तब क्रिकेट में करियर बनाने का झांसा देकर यश ने कथित रूप से दुष्कर्म किया। इसके अतिरिक्त, आईपीएल-2025 के दौरान जयपुर के एक होटल में भी दुष्कर्म का आरोप लगाया गया है। पुलिस ने मामला पॉक्सो एक्ट के तहत दर्ज किया है।
गौरतलब है कि यश दयाल पूर्व में भी विवादों में रह चुके हैं। दो वर्ष पहले उन्होंने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट से कथित रूप से विवादित धार्मिक पोस्ट साझा की थी, जिसे लेकर आलोचना के बाद उन्होंने हटाते हुए सफाई दी थी कि वह पोस्ट उन्होंने स्वयं नहीं की थी।

Advertisement