June 19, 2026

बागेश्वर में रक्षाबंधन पर्व पर बहनों ने भाईयों के साथ वृक्षों को भी बाँधी राखी


पर्यावरण संरक्षण का अनूठा संदेश, मिठाई और पौधों का भी हुआ वितरण

बागेश्वर। बहन-भाई के अटूट प्रेम, आस्था और भाईचारे का प्रतीक रक्षाबंधन पर्व इस वर्ष भी देवकी लघु वाटिका, मंडलसेरा में पारंपरिक श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में पंडित श्री बसंत बल्लभ जोशी द्वारा मंत्रोच्चार के बीच बहनों ने अपने भाईयों की कलाई पर रक्षा सूत्र (राखी) बांधकर उनके सुखी, दीर्घ और सफल जीवन की कामना की।

इस अवसर को विशेष बनाते हुए बहनों ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया और वृक्षों पर भी रक्षा सूत्र बांधे। वृक्षों को राखी बांधने के पीछे संदेश था कि जैसे भाई अपनी बहन की रक्षा का वचन देता है, वैसे ही हमें प्रकृति और पर्यावरण की सुरक्षा का भी संकल्प लेना चाहिए।

कार्यक्रम में सामाजिक कार्यकर्ता किशन सिंह मलड़ा ने सभी भाई-बहनों को पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आज के समय में अपनी और परिवार की सुरक्षा के साथ-साथ पेड़ों और पर्यावरण की रक्षा भी नितांत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि आबादी क्षेत्रों, गाड़-गधेरों और खनन प्रभावित क्षेत्रों के पास अधिक से अधिक रिंगाल और बांस का रोपण किया जाना चाहिए, जिससे प्राकृतिक आपदाओं से बचाव के साथ-साथ ग्रामीणों के लिए रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।

मलड़ा ने सभी आगंतुकों से अपील की कि वृक्षारोपण और संरक्षण को जीवन का हिस्सा बनाएं, ताकि समस्त प्राणियों का सामूहिक विकास संभव हो सके। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों को मिष्ठान के साथ पौधे भी भेंट किए गए।

इस अवसर पर श्रीमती देवकी देवी, रमा देवी, ममता देवी, मनीषा, दिया, ईश्वरा, प्रकृति, प्रभा रौतेला, योगीता, भजन सिंह, प्रशांत सिंह, राम सिंह, शंकर राम, राम चंद्र, वैभव, शौर्य सहित कई लोग उपस्थित रहे ।

You may have missed