March 16, 2026

डीएम ने ली जिला कौशल समिति की बैठक

बागेश्वर । जिलाधिकारी आशीष भटगांई की अध्यक्षता में जिला कौशल समिति की बैठक संपन्न हुई। कलेक्ट्रेट में हुई बैठक में वर्ष 2025-26 की जिला कौशल विकास योजना पर विचार विमर्श के बाद इसे अंतिम रुप दिया गया।
जिलाधिकारी ने सेवायोजन अधिकारी को योग और वैलनेस सेक्टर में कौशल प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करने को लेकर उत्तराखण्ड कौशल विकास मिशन को प्रस्ताव भेजने और टूरिस्ट गाइड, हेयर स्टाइलिस्ट, शीत जल मात्स्यिकी आदि का प्रशिक्षण भी जिला कौशल विकास योजना में सम्मिलित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने महाविद्यालयों, जन शिक्षण संस्थान और सेवायोजन विभाग को सभी उच्च शिक्षण संस्थानों में कौशल विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किये जाने हेतु प्रयास करने के निर्देश दिए। ओलंपिक खेलों की तर्ज पर आयोजित होने वाले स्किल कॉम्पिटिशन को जनपद स्तर पर आयोजित किये जाने के लिए सभी आईटीआई, पॉलीटेक्निक, जन शिक्षण संस्थान और ग्रामीण स्वरोजगार संस्थान को उनके संस्थान से कौशल प्राप्त अभ्यर्थियों को भारत सरकार के सिद्ध पोर्टल पर पंजीकरण कराने के लिए भी जिलाधिकारी ने निर्देशित किया।
इस दौरान सेवायोजन अधिकारी प्रवीण गोस्वामी ने पीपीटी के माध्यम से जिला कौशल विकास योजना पर विभिन्न जानकारियां दी।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी आरसी तिवारी, परियोजना निदेशक शिल्पी पंत, सीईओ जीएस सौन, अर्थ एवं सख्याधिकारी दिनेश रावत समेत अन्य अधिकारी व समिति के सदस्य मौजूद रहे।