March 10, 2026

बागेश्वर में बर्ड फ्लू अलर्ट : कौसानी के सोली गाँव के 10 किमी दायरे में कुक्कुट बिक्री पर रोक, 1 किमी में सभी पक्षियों की होगी समाप्ति

बागेश्वर गरुड । जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में बर्ड फ्लू नियंत्रण को लेकर आपात बैठक बुलाई और कड़े निर्देश जारी किए। ग्राम सोली के 10 किलोमीटर दायरे में कुक्कुट पक्षियों और उनके उत्पादों की बिक्री पर तत्काल प्रभाव से प्रतिबंध लगा दिया गया है।

दूसरे जिलों से आवागमन बंद
डीएम ने आदेश दिया कि अन्य जनपदों से कुक्कुट पक्षियों का आवागमन भी अग्रिम आदेश तक पूरी तरह रोका जाए। मृत पक्षियों का निस्तारण केवल सरकारी गाइडलाइन के अनुसार होगा।

1 किलोमीटर में तुरंत कुलिंग
सबसे सख्त कदम के रूप में ग्राम सोली के 1 किलोमीटर दायरे में सभी पक्षियों को सरकारी मानकों के तहत समाप्त (कुलिंग) किया जाएगा। डीएम ने कहा“स्थिति नियंत्रण में है, ये कदम सिर्फ जनहित में एहतियात के तौर पर उठाए जा रहे हैं।”

कड़ी निगरानी के निर्देश
नगर निकायों को लगातार मॉनिटरिंग करने, वन विभाग को प्रवासी पक्षियों की चौकसी रखने और सीमावर्ती चेकपोस्ट पर पुलिस को अलर्ट रहने को कहा गया।

सैंपल में बर्ड फ्लू की पुष्टि
मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. के.के. जोशी ने बताया कि ग्राम सोली, कौसानी के एक मुर्गी फार्म में असामान्य मृत्यु के बाद लिए गए सैंपल में एवियन इन्फ्लूएंजा के लक्षण पाए गए हैं। सभी सैंपल आईवीआरआई बरेली भेजे जा रहे हैं।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी आर.सी. तिवारी, एसडीएम गरुड़ प्रियंका रानी, एसडीएम कपकोट अनिल रावत, पुलिस सीओ, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी अनुपमा ह्यांकि, उप मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी पंकज जोशी और सभी नगर निकायों के अधिशासी अधिकारी उपस्थित रहे।