March 10, 2026

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा के खिलाफ किया प्रदर्शन


बागेश्वर ।  पंचायत चुनावों में कथित धांधली और कांग्रेस नेताओं के साथ हुए दुर्व्यवहार के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एसबीआई तिराहे पर प्रदर्शन किया। यहां हुई सभा में वक्ताओं ने कहा कि भाजपा लोकतंत्र का गला घोंटने का काम कर रही है। कांग्रेस ऐसा होने नहीं देगी। जिलाध्यक्ष भगवत सिंह डसीला के नेतृत्व में कार्यकर्ता सोमवार को एसबीआई तिराहे एकत्रित हुए। यहां हुई सभा में डसीला ने कहा कि नैनीताल जिले में हुए पंचायत चुनावों में सरकार ने लोकतंत्र का गला घोंटने का काम किया है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं का आरोप है कि उनके प्रतिनिधियों का हथियारों के बल पर अपहरण किया गया। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया को ध्वस्त करने का यह कृत्य बेहद निंदनीय है और कांग्रेस इसका कड़ा विरोध करती है। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि चुनावी प्रक्रिया में नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, उपनेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी, विधायक सुमित हृदयेश और पूर्व विधायक सुमित आर्य के साथ अभद्र व्यवहार और मारपीट तक की गई। कांग्रेस अपने वरिष्ठ नेताओं के अपमान को बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने पंचायत चुनाव की पूरी प्रक्रिया की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। मांग पूरी नहीं होने पर आंदोलन शुरू किया जाएगा। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जमकर सरकार विरोधी नारे लगाए। पुतला दहन करने वालों में हरीश त्रिकोटी, गीता रावल, बलवंत राम, केदार राम, भीम कुमार, नवल किशोर, प्रेम राम, बालकृष्ण, ईश्वर पांडे, गणेश कुंअर, नवीन साह आदि मौजूद रहे।