वरिष्ठ नागरिकों से मिला बैजनाथ व झिरौली पुलिस दल, समस्याएं जानीं और हर सम्भव मदद का दिया आश्वासन
बागेश्वर/गरुड़ । पुलिस अधीक्षक बागेश्वर श्री चंद्रशेखर घोडके के निर्देशन पर जनपद के वरिष्ठ नागरिकों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं को जानने और उनके समाधान हेतु एक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 21 अगस्त 2025 को थाना बैजनाथ और थाना झिरौली पुलिस टीमों ने अपने-अपने क्षेत्र में भ्रमण कर वरिष्ठ नागरिकों से संवाद स्थापित किया।
थाना बैजनाथ पुलिस टीम ने टीट बाजार गरुड़ दर्शानी में स्थानीय बुजुर्ग महिला-पुरुषों से भेंट की, वहीं थाना झिरौली पुलिस ने ग्राम सैंज, बैदीबगड़ और ग्राम नायल माफी में जाकर वरिष्ठ नागरिकों से बातचीत की। पुलिस कर्मियों ने उनके निजी, पारिवारिक, स्वास्थ्य एवं सामाजिक समस्याओं की जानकारी लेकर मौके पर ही कई शिकायतों का निस्तारण किया तथा शेष समस्याओं के निराकरण का भरोसा दिया।
पुलिस टीम ने वरिष्ठ नागरिकों को डॉयल-112, महिला हेल्पलाइन-1090, साइबर हेल्पलाइन-1930 समेत अन्य आपातकालीन नंबरों की जानकारी देते हुए किसी भी परेशानी की स्थिति में तत्काल पुलिस को अवगत कराने की अपील की।
साथ ही वर्तमान समय में तेजी से बढ़ते साइबर अपराधों को लेकर भी जागरूक किया गया। पुलिस ने स्पष्ट किया कि किसी भी अंजान कॉल पर बैंक अकाउंट, एटीएम कार्ड, ओटीपी जैसी गोपनीय जानकारी साझा न करें। किसी संदिग्ध लिंक या क्यूआर कोड को स्कैन करने से बचें तथा किसी भी प्रकार के लालच में न आएं। पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन कालनेमि के बारे में भी जानकारी दी गई।
इसके अतिरिक्त, बरसात के मौसम को देखते हुए नदी-नालों में बढ़ते जलस्तर को लेकर सतर्कता बरतने की सलाह दी गई। पुलिस ने ग्रामीणों एवं वरिष्ठ नागरिकों से अपील की कि वे नदी-नालों के किनारे न जाएं और सुरक्षित स्थानों पर ही रहें।
पुलिस की इस पहल से वरिष्ठ नागरिकों ने प्रसन्नता जताई और कहा कि पुलिस द्वारा समय-समय पर की जाने वाली ऐसी पहल से उनका मनोबल बढ़ता है और उन्हें सुरक्षा की भावना मिलती है।
