March 6, 2026

ऑपरेशन कालनेमि: बागेश्वर पुलिस की बड़ी कामयाबी, सुनार बनकर ठगी करने वाला युवक गिरफ्तार

बागेश्वर। जनपद पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “ऑपरेशन कालनेमि” अभियान के तहत बागेश्वर पुलिस ने ठगी करने वाले एक शातिर युवक को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। यह युवक गांव-गांव में अपनी पहचान छुपाकर सुनार बनकर घूम रहा था और महिलाओं को आभूषण साफ करने के बहाने धोखा दे रहा था।

घटना कपकोट थाना क्षेत्र की है। 18 अगस्त 2025 को मल्लाफेर कपकोट निवासी हरीश चन्द्र ने थाने में तहरीर देकर बताया कि एक युवक सुनार बनकर उनके घर आया और उनकी पत्नी से सोने के टाँप्स साफ करने के नाम पर ले गया। सफाई के दौरान उसने रसायन का इस्तेमाल कर टाँप्स से सोने का बड़ा हिस्सा गला कर गायब कर दिया। पीड़ित की शिकायत पर थाना कपकोट में मुकदमा दर्ज किया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक चन्द्र शेखर घोड़के के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक कपकोट मनीष शर्मा की देखरेख में विशेष टीम का गठन किया गया। अथक प्रयासों के बाद पुलिस ने 18 अगस्त की रात सरयू पुल कपकोट के पास से आरोपी छोटू कुमार (21 वर्ष), पुत्र बबलू कुमार साहू, निवासी जमुनिया थाना परबता, जिला भागलपुर, बिहार को दबोच लिया।

पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह सुनार बनकर गांवों में महिलाओं को भरोसे में लेता और उनके आभूषण साफ करने के बहाने सोने को रसायन में गला देता था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से पीड़ित के सोने का गलाया हुआ टुकड़ा, जेवर साफ करने में इस्तेमाल होने वाले रसायन, कास्टिक सोडा, डीजल, पिताम्बरी, हल्दी, नींबू और अन्य सामान बरामद किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

पुलिस की अपील
बागेश्वर पुलिस ने जनपद की जनता से अपील की है कि किसी भी अंजान व्यक्ति को अपनी कीमती वस्तुएं या आभूषण साफ करने के लिए न दें और न ही उनके झांसे में आएं। यदि आपके क्षेत्र में कोई संदिग्ध व्यक्ति, फेरीवाला या बाहरी शख्स दिखाई दे तो तत्काल पुलिस हेल्पलाइन नंबर 112 या नजदीकी थाने में सूचना दें।