March 15, 2026

कांगेस ने सरकार के खिलाफ किया प्रदर्शन


बागेश्वर ।   जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में रविवार को बागेश्वर में प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार पर हजारों करोड़ के जॉर्ज एवरेस्ट घोटाले का आरोप लगाते हुए भाजपा सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष भगवत सिंह डसीला के नेतृत्व में एसबीआई तिराहे पर किया गया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए आरोप लगाया कि उत्तराखंड पर्यटन विभाग ने राज्य सरकार की शह पर मसूरी स्थित जॉर्ज एवरेस्ट एस्टेट में एडवेंचर टूरिज्म के नाम पर बड़े उद्योगपतियों को फायदा पहुंचाने के लिए टेंडरों में धांधली की है। प्रदर्शनकारियों ने जमकर नारेबाजी करते हुए आरोप लगाया कि कीमती सरकारी भूमि को कौड़ियों के दाम पर निजी हाथों में सौंपा जा रहा है और करोड़ों की संपत्ति को खुर्द-बुर्द किया जा रहा है। कांग्रेस नेताओं ने यह भी आरोप लगाया कि पर्यटन विभाग में एसआई की अनुमति के बिना कार्य किए जा रहे हैं, जो नियमों के विरुद्ध है। कार्यकर्ताओं का कहना है कि भाजपा सरकार लगातार जनविरोधी नीतियां लागू कर रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने अपने निर्णय वापस नहीं लिए तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। इस मौके पर पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष हरीश सिंह ऐठानी, हरीश त्रिकोटी, रमेश सिंह, भीम कुमार, विनोद पाठक, ईश्वर पांडे, योगेंद्र सिंह, गौरव परिहार, राजेंद्र कुमार, दान सिंह, नवीन साह, बहादुर बिष्ट सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।