March 10, 2026

बैजनाथ पुलिस ने की भाँग की फसल नष्ट, ग्रामीणों से नशामुक्त समाज की अपील

गरुड , बागेश्वर। उत्तराखण्ड सरकार के “नशा मुक्त उत्तराखण्ड” अभियान के तहत बागेश्वर पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस अधीक्षक बागेश्वर के कुशल निर्देशन और पुलिस उपाधीक्षक बागेश्वर/कपकोट के पर्यवेक्षण में जनपद पुलिस लगातार मादक पदार्थों की अवैध तस्करी और उत्पादन के विरुद्ध सख्त कदम उठा रही है।

शनिवार 13 सितंबर 2025 को कोतवाली बैजनाथ प्रभारी उ0नि0 प्रताप सिंह नगरकोटी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने ग्राम पिंगलो क्षेत्र में करीब 2 नाली भांग की अवैध खेती का विनष्टीकरण किया। वहीं दूसरी ओर थाना कपकोट पुलिस टीम ने ग्राम सूपी और तरसाल पतियासार क्षेत्रों में दबिश देकर करीब 18 नाली भांग की खेती को नष्ट किया। इस प्रकार कुल 20 नाली भांग की खेती को पुलिस ने धराशायी कर दिया।

पुलिस टीम ने मौके पर उपस्थित ग्रामीणों को नशे से होने वाले दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही नशा मुक्ति भारत अभियान के तहत लोगों को शराब, चरस, गांजा जैसे नशे का सेवन न करने की अपील की गई। पुलिस ने साफ कहा कि भांग जैसी मादक फसलों की खेती पूरी तरह अवैध है और ऐसे कार्य समाज के भविष्य को बर्बाद करते हैं।

ग्रामीणों को बताया गया कि यदि कहीं भी नशा तस्करी या अवैध खेती की जानकारी हो तो इसकी सूचना तुरंत नेशनल नार्कोटिक्स हेल्पलाइन नंबर 1933 या फिर डायल 112 पर दी जा सकती है। पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गुप्त रखी जाएगी।

नशामुक्त उत्तराखण्ड की ओर कदम

पुलिस अधीक्षक बागेश्वर का कहना है कि नशा न केवल स्वास्थ्य के लिए घातक है, बल्कि परिवार और समाज की जड़ें खोखली कर देता है। पुलिस का प्रयास है कि लोगों की सक्रिय भागीदारी से जिले को नशामुक्त बनाकर युवाओं का भविष्य सुरक्षित किया जाए।

इस बड़ी कार्रवाई के बाद ग्रामीणों में भी जागरूकता देखने को मिली और कई लोगों ने पुलिस को सहयोग का आश्वासन दिया।