वरिष्ठ नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान – बागेश्वर पुलिस का विशेष अभियान
बागेश्वर। वरिष्ठ एवं एकल निवासरत बुजुर्गों की सुरक्षा और समस्याओं के निस्तारण हेतु बागेश्वर पुलिस ने एक विशेष अभियान शुरू किया है। पुलिस अधीक्षक बागेश्वर के निर्देशन में चल रहे इस अभियान का उद्देश्य “मित्रता, सेवा और सुरक्षा” के संकल्प को साकार करना है।
अभियान के तहत 16 सितम्बर 2025 को थाना झिरौली पुलिस ने ग्राम औखली सिरौद, ग्राम रेखौली एवं ग्राम सिया में पहुंचकर वरिष्ठ नागरिकों की कुशलक्षेम जानी। वहीं कोतवाली कौसानी पुलिस ने अपने क्षेत्रान्तर्गत वरिष्ठ नागरिकों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं को सुना और समाधान हेतु प्रभावी कार्यवाही का आश्वासन दिया।
पुलिस टीमों ने बुजुर्गों को यातायात नियमों, नशे से होने वाले दुष्परिणामों, महिला एवं बाल सुरक्षा, उत्तराखंड पुलिस एप, गौरा शक्ति एप व सीएम हेल्पलाइन के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। साथ ही, हेल्पलाइन नंबरों का व्यापक प्रचार-प्रसार कर ग्रामीणों से भी इन विषयों पर जागरूकता फैलाने की अपील की।
बढ़ते साइबर अपराधों के संदर्भ में पुलिस ने चेताया कि “साइबर क्राइम केवल आपकी आर्थिक स्थिति ही नहीं, बल्कि आपके स्वास्थ्य पर भी असर डाल सकता है।” इस दौरान सभी को सतर्क रहने और किसी भी प्रकार की ऑनलाइन ठगी की स्थिति में हेल्पलाइन नंबर 1930 या cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी दी गई।
इसके अतिरिक्त, पुलिस टीम ने बुजुर्गों को पुलिस सहायता नंबर 112 एवं मोबाइल नंबर 9411112983 उपलब्ध कराए और भरोसा दिलाया कि आपातकालीन स्थिति में वे निसंकोच पुलिस से संपर्क कर सकते हैं।
पुलिस ने आश्वासन दिया कि वह हमेशा बुजुर्गों की सेवा और सुरक्षा के लिए तत्पर रहेगी।
