Advertisement
Advertisement
Advertisement
November 8, 2026

अल्मोड़ा जिला अस्पताल के ब्लड बैंक परिसर में गंदगी का अंबार, मरीजों की सेहत पर खतरा


अल्मोड़ा । जिला अस्पताल के रक्तकोष (ब्लड बैंक) परिसर में गंदगी के ढेर ने मरीजों और उनके परिजनों की चिंता बढ़ा दी है। जिस स्थान पर रक्त का संग्रह और वितरण होता है, वहां फैली गंदगी संक्रमण का गंभीर खतरा पैदा कर रही है। ब्लड बैंक के बाहर जमा कचरे से उठती दुर्गंध मरीजों के स्वास्थ्य पर सीधे असर डाल सकती है। केवल ब्लड बैंक ही नहीं, बल्कि अस्पताल के अन्य वार्डों और गलियारों में भी सफाई व्यवस्था अक्सर सवालों के घेरे में रहती है। प्रशासन द्वारा सफाई सुधारने की कवायदें कागज़ों तक सीमित नजर आती हैं। कई बार बजट जारी होने के बावजूद हालात में सुधार नहीं हो सका है। ब्लड बैंक के आसपास गंदगी के साथ-साथ मेडिकल वेस्ट का भी सही निस्तारण नहीं हो रहा, जिससे संक्रमण और गंभीर बीमारियों के फैलने का खतरा और बढ़ जाता है। मरीजों के परिजन भी गंदगी के चलते बीमारी की चपेट में आ सकते हैं। ब्लड बैंक जैसी संवेदनशील जगह पर जमा कचरा इस स्थिति को और खतरनाक बना देता है। हैरानी की बात यह है कि कभी साफ-सफाई के लिए राज्य स्तरीय पुरस्कार जीत चुका अल्मोड़ा जिला अस्पताल आज बदइंतजामी के कारण मरीजों के लिए असुरक्षित वातावरण तैयार कर रहा है। स्थानीय नागरिकों और मरीजों का कहना है कि जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग को तत्काल सफाई व्यवस्था दुरुस्त करनी चाहिए, ताकि अस्पताल इलाज का केंद्र बने, बीमारियों का नहीं।

You may have missed

Advertisement