March 8, 2026

महेंद्र भट्ट पर बोले हरीश रावत, अब नुकसान उठाने की बारी आपकी


देहरादून ।  पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के उस बयान पर प्रतिक्रिया दी है, जिसमें भट्ट ने कहा था कि जब हरीश रावत ने कुछ गलत नहीं किया तो फिर सीबीआई से डर किस बात का है। हरीश रावत ने कहा कि भाजपा के प्रपंच का जो नुकसान उन्हें पहुंचाना था, वह हो चुका, अब नुकसान उठाने की बारी आपकी है। रावत ने कहा कि मैं सीबीआई के नोटिस से परेशान नहीं हूं। अगर हिम्मत है तो इस जांच को हाईकोर्ट के सीटिंग न्यायाधीश की देख-रेख में करवाएं। हरीश रावत ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट कर कहा कि जब भी तथाकथित स्टिंग प्रकरण का पूरा सच सामने आए, तो भाजपा उससे बच नहीं पाएगी। उन्होंने कहा कि मैंने न्याय यात्रा के दौरान भाजपा के दो झूठ का पर्दाफाश किया। क्योंकि भाजपा और सरकार अभी तक जुम्मे की छुट्टी का सरकारी गजट नोटिफिकेशन नहीं दिखा पाई है। साथ ही कांग्रेस सत्ता में आएगी तो मुस्लिम यूनिवर्सिटी बनाएगी, ऐसा किसी बयान के प्रमाण वह दे पाए हैं। हरीश रावत ने कहा कि मैंने ने इनाम तक घोषित किया है। हरीश रावत ने भट्ट से कहा कि 2016 के कथित स्टिंग और स्टिंगबाज आपकी पार्टी का तारणहार है। अगर महेंद्र भट्ट को नहीं पता है तो वह अपने पार्टी के पूर्व मुख्यमंत्री को पूछ सकते हैं। मैं तो कीमत देने में असमर्थता जता रहा था हरीश रावत ने कथित स्टिंग में हुई बातचीत का जिक्र भी किया है। उन्होंने लिखा कि मैं सरकार बचाने का भरोसा दिला रहे व्यक्ति को बिकने वाले विधायकों का प्रस्तावित मूल्य अदा करने में असमर्थता व्यक्त कर रहा हूं। कह रहा हूं कि मेरे पास कुछ भी नहीं है। मैंने भी सहज भाव से कह दिया कि जब मुझे लाल किला और चांदनी चौक की डिलीवरी कर दोगे तो ब्याज सहित मैं मूल्य अदा कर दूंगा।